Wednesday, September 30, 2026

शांति, समृद्धि और राष्ट्रों की सर्वोच्चता: संयुक्तराष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह में विदेश मंत्रालय के कार्य

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रवक्ता का कार्यालय
फ़ैक्ट शीट
सितंबर 29, 2026

राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के नेतृत्व में, अमेरिका संयुक्तराष्ट्र में तीन प्राथमिकताओं – शांति, समृद्धि और राष्ट्रों की सर्वोच्चता – पर आधारित एजेंडे को आगे बढ़ाकर बुनियादी उद्देश्यों की ओर लौट रहा है।

पिछले सप्ताह, इस दृष्टिकोण को ठोस कार्रवाई में बदला गया। विदेश मंत्रालय ने एक अधिक शांतिपूर्ण और खुशहाल दुनिया के लिए मानक स्थापित करते हुए सार्थक नतीजे हासिल करने की दिशा में काम किया। हर कदम पर राष्ट्रपति ट्रंप और विदेश मंत्री रूबियो ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्यों के साथ नेतृत्व करेगा, साथ ही यह सुनिश्चित करेगा कि संयुक्तराष्ट्र अपने मूल मिशन पर केंद्रित रहे।

शांति

  • साइबर अपराध, साइबर-समर्थित अपराध और संबंधित गतिविधियों के ज़रिए अमेरिकियों के साथ धोखाधड़ी करने वाले या उनमें शामिल 32 लोगों पर वीज़ा पाबंदियां लगाने से जुड़े कदमों की घोषणा की। इनमें से ज़्यादातर लोग प्रिंस ग्रुप से जुड़े हैं, जो एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन (टीसीओ) है और अमेरिकियों से ठगी में भूमिका के लिए जिस पर अमेरिका कई प्रतिबंध लगा चुका है।
  • सूडान में युद्ध और दुनिया के सबसे बुरे मानवीय संकट को खत्म करने का संकल्प लिया।
  • होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस के अपने साझेदारों के साछ मिलकर न्यूयॉर्क मैनहटन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय में सीरियाई पुरावशेषों को स्वदेश लौटाने का कदम उठाया। सीरिया के साथ संबंधों को सामान्य बनाने और पूर्व शासन पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने के राष्ट्रपति ट्रंप के फ़ैसले ने अमेरिका और सीरिया के संबंधों में एक नया अध्याय शुरू किया है। सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कलाकृतियों की वापसी इस बात का एक ठोस उदाहरण है कि जब यह नया संबंध वास्तविक सहयोग में बदलता है, तो क्या कुछ संभव हो सकता है।
  • लगभग 3 मिलियन डॉलर की कुल कीमत वाले 15 ऐतिहासिक पुरावशेष ग्रीस के लोगों को वापस लौटाए। ग्रीस के हमारे मित्रों को ये चीज़ें वापस करके, अमेरिका सिर्फ़ शिष्टाचार नहीं निभा रहा है। यह क़ानून लागू करने की कार्रवाई है, क्योंकि लूटे गए पुरावशेषों की तस्करी से आपराधिक नेटवर्कों और आतंकवादियों को पैसे मिलते हैं।
  • बहरीन के नेतृत्व में एक संयुक्त बयान को सहप्रायोजित किया, जिसमें होर्मुज़ जलडमरूमध्य को तुरंत फिर से खोलने और बिना किसी टोल या अवैध शुल्क के सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही का आह्वान किया गया था।

समृद्धि

  • कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में इबोला के प्रकोप से निपटने के लिए अतिरिक्त 267 मिलियन डॉलर की प्रत्यक्ष जीवनरक्षक स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता की घोषणा की गई। इस नई जीवनरक्षक वैश्विक स्वास्थ्य सहायता के साथ, अमेरिका विश्वसनीय कार्यान्वयनकर्ताओं के माध्यम से नई इबोला उपचार इकाइयों, सुरक्षित एवं सम्मानजनक अंत्येष्टि के लिए अतिरिक्त टीमों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) की बड़े पैमाने पर खरीद, व्यापक निगरानी, आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों और संपर्क ट्रेसिंग के जरिए इस प्रकोप से निपटने के लिए अपनी मदद को सीधे तौर पर बढ़ाएगा।
  • अमेरिकी अर्थव्यवस्था, अमेरिकी कामगारों, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिकी वीज़ा संबंधी संदिग्ध धोखाधड़ी और दुरुपयोग की पहचान करने और उसे रोकने में मदद के वास्ते आम जनता के लिए एक ऑनलाइन टिप पोर्टल शुरू किया।
  • अर्जेंटीना के महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्रों को अटलांटिक के प्रमुख बंदरगाहों और पश्चिमी बाज़ारों से जोड़ने वाले बुनियादी ढांचे को मज़बूत और आधुनिक बनाने के लिए अर्जेंटीना के साथ मिलकर एंडीज़-अटलांटिक कॉरिडोर पहल शुरू की।
  • विदेश मंत्री मार्को रुबियो और इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने महत्वपूर्ण खनिजों के लिए सहयोग और सुरक्षित एवं मज़बूत सप्लाई चेन बनाने के लिए अमेरिका-इटली समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
  • निजी क्षेत्र द्वारा प्रदत्त उपकरणों, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से वैश्विक उद्यमियों को अमेरिकी सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) नवोन्मेष और प्रौद्योगिकी के सहारे सशक्त बनाने के लिए एक नई सार्वजनिक-निजी साझेदारी की घोषणा की गई। नेटवर्क फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड टेक्नोलॉजी (नेक्स्ट) एक सार्वजनिक-निजी क्षेत्र साझेदारी है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिकी एसआई टेक स्टैक को विदेशी उद्यमिता इकोसिस्टम के लिए एक भरोसेमंद विकल्प के तौर पर अपनाया जाए। उद्घाटन साझेदारों अमेज़न, गूगल, मेटा, माइक्रोसॉफ़्ट, एनवीडिया और ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (जीईएन) के साथ शुरू नेक्स्ट विदेश मंत्रालय की वैश्विक कूटनीतिक पहुंच को निजी क्षेत्र के योगदानों के साथ जोड़ती है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्टार्टअप्स को सीधे अमेरिकी सुपर इंटेलिजेंस अवसंरचना, लाइसेंसिंग, मेंटरशिप, तकनीकी प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं से जोड़ा जा सके।
  • 19 नए देशों को अमेरिका और उन रणनीतिक साझेदार अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग के वास्ते बुनियादी ढांचा तैयार करने वाली पहल में शामिल किया, जो विकास और नवाचार समर्थक नियामक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसा माहौल स्टार्टअप और डेवलपर कंपनियों तथा निजी क्षेत्र को सशक्त बनाता है तथा उनकी सुपर इंटेलिजेंस आपूर्ति शृंखलाओं को अमेरिका और पैक्स सिलिका पहल में शामिल अर्थव्यवस्थाओं की आपूर्ति शृंखलाओं के साथ जोड़ता है।
  • प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की पहल फ़ॉस्टरिंग द फ़्यूचर टुगेदर ने निजी क्षेत्र के साथ नई साझेदारियां कीं।
  • ट्रांस-कैस्पियन एंटरप्राइज फ़ंड के आधिकारिक शुभारंभ की घोषणा की, जिसे अमेरिकी सरकार की 201 मिलियन डॉलर की धनराशि से गठित किया गया है। साथ ही, ट्रंप रूट फ़ॉर इंटरनेशनल पीस एंड प्रॉस्पेरिटी’ (ट्रिप्प) के तहत बुनियादी ढांचे के समर्थन के लिए, अमेरिकी कांग्रेस के साथ काम करते हुए, लगभग 200 मिलियन डॉलर की प्रतिबद्धता घोषित की गई।
  • ट्रांस-कैस्पियन ट्रेड रूट (टीसीटीआर) को बेहतर बनाने के लिए अमेरिकी सरकारी फ़ंड से 201 मिलियन डॉलर देने की घोषणा की गई।
  • अमेरिका और नाइजीरिया ने एक नए क्रिटिकल मिनरल्स फ़्रेमवर्क (सीएमएफ़) के ज़रिए अपनी आर्थिक साझेदारी को मज़बूत किया। इससे अमेरिकी कंपनियों के लिए नाइजीरिया के विशिष्ट खनिज संसाधनों तक पहुंच के मौके बढ़ेंगे और अमेरिकी सप्लाई चेन मज़बूत होगी। यह फ़्रेमवर्क नाइजीरिया के संसाधनों के ज़िम्मेदारीपूर्ण विकास को बढ़ावा देगा, जिससे अमेरिका और नाइजीरिया दोनों के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
  • अमेरिका और अफ़्रीकी संघ ने स्ट्रैटेजिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट वर्किंग ग्रुप के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाया, जिससे पूरे अफ़्रीका में अमेरिकी निजी क्षेत्र के निवेश के लिए नए अवसर बने।
  • नेपाल में बाढ़ से निपटने के लिए नई मदद का ऐलान किया गया, जिससे अमेरिका की ओर से दी जा रही कुल मदद अब 36 मिलियन डॉलर से ज़्यादा हो गई है। राजनीतिक मामलों की अवर विदेश मंत्री एलिसन हुकर ने न्यूयॉर्क में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाक़ात कर उन्हें इस नई फ़ंडिंग के बारे में जानकारी दी।
  • अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के बीच हुई त्रिपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद, अमेरिका ने दूसरे देशों में स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) लगाने संबंधी सहयोग ज्ञापन (एमओसी) के कार्यान्वयन की योजना बनाने की घोषणा की। इस ज्ञापन पर तीनों देशों ने इसी साल 7 जुलाई को अंकारा में हस्ताक्षर किए थे।

राष्ट्रों की सर्वोच्चता

  • अमेरिका में बर्थ टूरिज़्म में शामिल या इसमें मददगार लोगों को वीज़ा जारी किए जाने पर प्रतिबंध की नई नीति घोषित की गई। ट्रंप प्रशासन अमेरिकी आप्रवासन प्रणाली की अखंडता क़ायम रखने, अमेरिकी जनता के लिए उपलब्ध सरकारी लाभों और अमेरिकी करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग नहीं होने देने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए अपने पास उपलब्ध सभी साधनों का इस्तेमाल कर रहा है।
  • संयुक्तराष्ट्र महासभा के दौरान आयोजित शील्ड ऑफ़ द अमेरिकाज़ बैठक के ज़रिए अमेरिका और 14 क्षेत्रीय सहयोगियों ने आर्थिक मोर्चे, सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग पर समन्वय के संबंध में पश्चिमी गोलार्ध की सुरक्षा का संकल्प लिया। तत्काल उठाए गए पहले कदम के तौर पर, इस समूह ने एमएस-13 और सिनालोआ कार्टेल समेत 24 विशेष नार्को-आतंकवादी संगठनों के खिलाफ़ प्रतिबंधों, वीज़ा पाबंदियों और आपराधिक दंडों की घोषणा की।

मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/2026/09/peace-prosperity-primacy-of-nations-the-state-departments-week-at-the-united-nations-general-assembly-high-level-week

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using Granicus Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 Granicus Communications logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog