Friday, May 29, 2026

अमेरिका का ईरान की अवैध तेल अर्थव्यवस्था पर लक्षित प्रतिबंधों के ज़रिए अधिकतम दबाव जारी

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रेस वक्तव्य
थॉमस “टॉमी” पिगट, प्रवक्ता
मई 28, 2026

अमेरिका उन राजस्व स्रोतों तक ईरानी शासन की पहुंच को खत्म करने के लिए समन्वित कार्रवाई कर रहा है, जो उसकी क्षेत्रीय आक्रामकता और वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं। विदेश मंत्रालय कई संस्थाओं, व्यक्तियों और जहाज़ों पर प्रतिबंध लगा रहा है, जो ईरान की अवैध तेल अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं; ये प्रतिबंध सीधे तौर पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) और ईरान के सैन्य तंत्र की वित्तीय जीवनरेखाओं को निशाना बनाते हैं। इस कार्रवाई के तहत, विदेश मंत्रालय आठ संस्थाओं पर पाबंदी लगा रहा है और ईरानी पेट्रोलियम या पेट्रोकेमिकल उत्पादों की ढुलाई में शामिल आठ जहाज़ों को अवरुद्ध संपत्ति के रूप में चिन्हित कर रहा है। साथ ही, ईरानी उत्पत्ति वाले पेट्रोकेमिकल उत्पादों के व्यापार से जुड़े तीन संस्थाओं और एक व्यक्ति को भी प्रतिबंधित किया जा रहा है।

इसी के साथ, वित्त मंत्रालय ने उस तेल बिक्री नेटवर्क के प्रमुख किरदारों पर प्रतिबंध लगाए हैं, जिसने अरबों डॉलर मूल्य के करोड़ों बैरल ईरानी तेल के व्यापार को संभव बनाया है। हांगकांग स्थित इन संस्थाओं ने ईरानी तेल के भंडारण, परिवहन और बिक्री को सुगम बनाया, जिससे सीधे आईआरजीसी, ईरानी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ़ और उसके सैन्य तंत्र को सीधे तौर वित्तीय मदद मिली। यह नेटवर्क मध्य पूर्व में अपनी अस्थिरताकारी गतिविधियों के लिए धन जुटाने की ईरान की क्षमता में एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है।

अमेरिका किसी भी ऐसे व्यक्ति या संस्था के खिलाफ़, चाहे वह कहीं भी हो, कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगा, जो ईरानी सरकार की अपने पड़ोसियों और अपने ही लोगों पर हमला करने की क्षमता के लिए फ़ंडिंग करता है। कोई भी संस्था जो ईरान के अवैध तेल व्यापार में सहयोग करती है या ईरानी ऊर्जा उत्पादों के व्यापार में शामिल है, उसे अमेरिकी प्रतिबंधों के खतरे का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अतिरिक्त, रिवॉर्ड्स फ़ॉर जस्टिस (आरएफ़जे) कार्यक्रम आईआरजीसी और उसकी विभिन्न शाखाओं के वित्तीय तंत्र को बाधित करने में मददगार जानकारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर तक का इनाम दे रहा है। इस बारे में अधिक जानकारी आरएफ़जे की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आज की यह कार्रवाई संशोधित कार्यकारी आदेश (ई.ओ.) 13224 और ई.ओ. 13846 के अनुरूप की जा रही है। वित्त मंत्रालय द्वारा लक्षित सभी तत्वों को संशोधित ई.ओ. 13224 के तहत प्रतिबंधित किया जा रहा है, जो आतंकवादी संगठनों और उनके समर्थकों को निशाना बनाता है। विदेश मंत्रालय द्वारा लक्षित सभी तत्वों पर ई.ओ. 13846 के तहत प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, जिसमें ईरान से संबंधित कुछ प्रतिबंधों को अधिकृत और दोबारा लागू करने का प्रावधान है। ये कार्रवाइयां इकोनॉमिक फ़्यूरी अभियान और ईरान पर अधिकतम आर्थिक दबाव के प्राधिकार वाले राष्ट्रपति के राष्ट्रीय सुरक्षा राष्ट्रपतीय ज्ञापन 2 (एनएसपीएम-2) के समर्थन में ईरानी तेल व्यापार को लक्षित सख्त प्रतिबंधों के अभियान को जारी रखती हैं। आज की कार्रवाई के बारे में अधिक जानकारी के लिए, कृपया वित्त मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति और विदेश मंत्रालय की फ़ैक्ट शीट देखें।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/05/u-s-continues-maximum-pressure-with-sanctions-targeting-irans-shadow-oil-economy

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

Drug Trafficking News Update

Offices of the United States Attorneys ...