Thursday, March 3, 2022

यूक्रेन पर संयुक्तराष्ट्र महासभा की विशेष आपात बैठक में राजदूत थॉमस-ग्रीनफ़ील्ड का संबोधन

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



संयुक्तराष्ट्र में अमेरिकी मिशन
प्रेस एवं लोक कूटनीति कार्यालय
यथा संबोधित
मार्च 2, 2022

अध्यक्ष महोदय, महासचिव महोदय, मेरे साथी प्रतिनिधियों, और आप सभी जिन्होंने इस संस्था के महान मिशन के लिए खुद को समर्पित कर दिया है: आज हम रूस से अपने अकारण, अनुचित और निरर्थक युद्ध को रोकने का आह्वान करते हैं। हम रूस से यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने का आह्वान करते हैं। हम यूक्रेन के एक अन्य पड़ोसी बेलारूस, जिसके बारे में आपने अभी-अभी सुना है, से युद्ध का समर्थन बंद करने और इस हमले के लिए अपने क्षेत्र के उपयोग की अनुमति नहीं होने देने का आह्वान करते हैं। और आज, हम अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन के लिए रूस को जवाबदेह ठहराने, तथा हमारी आंखों के सामने घटित हो रहे भयानक मानवाधिकार हनन और मानवीय संकट को दूर करने के लिए एकजुट खड़े हैं।

यह एक असाधारण क्षण है। 40 वर्षों में पहली बार सुरक्षा परिषद ने महासभा का विशेष आपात सत्र बुलाया है। चालीस वर्ष। यूक्रेन में लड़ रहे अधिकांश पुरुष और महिलाएं तब पैदा भी नहीं हुए थे जब पिछली बार संयुक्तराष्ट्र शांति के लिए इस तरह एकजुट हुआ था। और मैं तो ये भी कहूंगी, कि इस कक्ष में मौजूद बहुत से लोग भी तब पैदा नहीं हुए होंगे, जब ऐसा हुआ था। लेकिन यूक्रेन और रूस के कुछ बुज़ुर्गों को इस तरह के एक अवसर की याद होगी। वो क्षण जब एक आक्रामक यूरोपीय राष्ट्र ने अपने पड़ोसी के इलाक़े पर दावा करते हुए बिना किसी उकसावे के उस पर आक्रमण किया था। एक ऐसा क्षण जब एक यूरोपीय तानाशाह ने घोषणा की कि वह अपने साम्राज्य को उसका पूर्व गौरव वापस लौटाएगा। एक आक्रमण जिसने इतने भयावह युद्ध को जन्म दिया कि जिसकी वजह से यह संगठन अस्तित्व में आया।

अभी, हाल के इतिहास में किसी भी अन्य मौक़े से अधिक, संयुक्तराष्ट्र को चुनौती दी जा रही है। यदि संयुक्तराष्ट्र का कोई उद्देश्य है, तो वह है युद्ध को टालना, युद्ध की निंदा करना, युद्ध को रोकना। आज यहां हमारा यही काम है। यह वो काम है जिसे करने के लिए आपको यहां भेजा गया था – न केवल आपकी राजधानियों द्वारा, बल्कि पूरी मानवता द्वारा।

बहुत शीघ्र बहुत कुछ घटित होने के बाद हम इस असाधारण स्थिति में पहुंचे हैं। बमुश्किल सप्ताह भर पहले की बात है, जब रात के अंधेरे में राष्ट्रपति पुतिन ने हमारे एक साथी संयुक्तराष्ट्र सदस्य देश पर पूर्ण हमला शुरू किया था, ठीक उसी क्षण जबकि सुरक्षा परिषद कूटनीति को बढ़ावा देने और तनाव घटाने के प्रयास में एक आपात बैठक कर रही थी। जब सुरक्षा परिषद शांति पर चर्चा कर रही थी, पुतिन ने युद्ध की घोषणा कर दी। यूक्रेन ने बड़े साहस और जोश के साथ अपना बचाव किया है।

जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने कल रात अपने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में कहा था, राष्ट्रपति पुतिन का सामना "ताक़त की एक दीवार से हुआ जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। उनका सामना यूक्रेन के लोगों से हुआ।" लेकिन रूस के हमलों की खुल्लमखुल्ला और अंधाधुंध प्रकृति के कारण पूरे देश को विनाशकारी और भयावह परिणाम झेलने पड़े हैं। रूस ने आवासीय अपार्टमेंट इमारतों पर बमबारी की है। उसने पावन कब्रगाहों पर बमबारी की है। उसने बालवाड़ियों और अनाथालयों और अस्पतालों पर गोलाबारी की है। रूस ने बड़े पैमाने पर भुखमरी की स्थिति निर्मित की है और अनेक लोगों को अपने घरों से पलायन करना पड़ा है – संयुक्तराष्ट्र का नवीनतम अनुमान दस लाख लोगों के पलायन की ओर इंगित करता है। हम उन देशों को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने अपनी सीमाएं खोल दी हैं, जिन्होंने अपने दिल खोल दिए हैं, यूक्रेन से पलायन कर रहे लोगों के लिए अपने घर खोल दिए हैं। और मैं नस्ल या राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना संघर्ष से बचकर भाग रहे सभी लोगों की मदद और स्वागत करने के संयुक्तराष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के आह्वान को प्रतिध्वनित करना चाहती हूं। शरणार्थी बस शरणार्थी होते हैं।

जो वहां रह गए हैं, रूस उनके अहम बुनियादी ढांचों को नष्ट कर रहा है – महत्वपूर्ण सेवाएं जो यूक्रेन भर में लाखों लोगों को जीवित रहने के लिए पीने का पानी उपलब्ध कराती हैं, लोगों को गैस प्रदान करती हैं ताकि वे ठंड में जमकर मरें नहीं। और अब, ऐसा प्रतीत होता है कि रूस यूक्रेन के खिलाफ़ अपने अभियान की बर्बरता बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। हमने रूसी सेना को असाधारण रूप से घातक हथियारों को यूक्रेन ले जाते हुए देखा है, जिसका युद्ध के मैदान में कोई स्थान नहीं है। इसमें क्लस्टर बम और वैक्यूम बम शामिल हैं – जो जिनेवा संधि के तहत प्रतिबंधित हैं। हम सभी ने 40 मील लंबे घातक काफ़िले को कीएव की ओर बढ़ते हुए देखा है। राष्ट्रपति पुतिन लगातार आक्रामकता बढ़ा रहे हैं – रूस के परमाणु बलों को हाई अलर्ट पर रखने का निर्देश देना, फ़िनलैंड और स्वीडन पर हमले की धमकी देना। युद्ध के हर क़दम पर रूस ने संयुक्तराष्ट्र के साथ विश्वासघात किया है। रूस की कार्रवाइयां हर उस बात के खिलाफ़ जाती हैं जोकि इस निकाय का उद्देश्य रही हैं।

दुनिया भर के लोग पहले ही एकजुट हो चुके हैं, और आज इस महासभा को भी वैसा ही करना चाहिए। रूस के युद्ध के खिलाफ़, और यूक्रेन के साथ एकजुटता में, दुनिया भर में नीले और पीले रंगों के साथ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ये शांति के लिए विरोध प्रदर्शन हैं। बैंकॉक से बुडापेस्ट तक। बर्लिन से ब्यूनस आयर्स तक। सिडनी से सियोल तक। कैलगरी से केप टाउन तक। और यहां तक कि मास्को और मिंस्क में भी। हर जगह लोग राष्ट्रपति पुतिन से इस हमले को रोकने की मांग करने के लिए उठ खड़े हुए हैं।

खुद रूसी लोग भी पूछ रहे हैं कि पुतिन अपनी सनकी महत्वाकांक्षाओं के लिए और कितनी ज़िंदगियों का बलिदान करेंगे। और वे जवाब पर हैरान हैं। रूसी प्रदर्शनकारियों से मैं कहूंगी कि मैं आपको आपकी बहादुरी के लिए धन्यवाद देती हूं। एक अन्यायपूर्ण और अनावश्यक युद्ध के लिए अग्रिम मोर्चे पर भेजे गए रूसी सैनिकों से मैं कहना चाहूंगी: आपके नेता आपसे झूठ बोल रहे हैं। युद्धापराध न करें। अपने हथियार डालने और यूक्रेन छोड़ने के लिए आप जो कुछ भी कर सकते हैं वो करें।

सच्चाई यह है कि यह युद्ध सिर्फ और सिर्फ एक व्यक्ति की मर्ज़ी का है: राष्ट्रपति पुतिन। उनकी मर्ज़ी थी लाखों लोगों को अपनी ज़िंदगी बैकपैक में भरने और देश छोड़ने के लिए मजबूर करना। नवजात शिशुओं को अस्थायी बम शेल्टरों में भेजना। कैंसर पीड़ित बच्चों को अस्पताल के तहखानों में शरण लेने के लिए बाध्य करना, उनके इलाज को बाधित करना, एक तरहे से उन्हें मौत की सज़ा देना। ये सब राष्ट्रपति पुतिन के विकल्प थे। अब हमारे लिए अपना विकल्प चुनने का समय आ गया है।

अमेरिका यूक्रेनी लोगों के साथ खड़ा होने का विकल्प चुन रहा है। हम रूस पर गंभीर नतीजे थोपने के लिए अपने सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ समन्वय कर रहे हैं। हम रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराने का विकल्प चुन रहे हैं। और हम जल्द ही एक ऐसे प्रस्ताव पर मतदान करेंगे जो बिल्कुल ऐसा ही करता है। हम इसे एक असाधारण मतदान मान रहे हैं। आप पक्ष में वोट करें यदि आप मानते हैं कि संयुक्तराष्ट्र के सदस्य राष्ट्रों – आपके अपने राष्ट्र सहित – को संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का अधिकार है। पक्ष में वोट करें यदि आपको लगता है कि रूस को उसके कार्यों के लिए ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। पक्ष में वोट करें यदि आप संयुक्तराष्ट्र चार्टर और इस संस्था के उद्देश्यों में विश्वास करते हैं।

आपका बहुत बहुत धन्यवाद।


मूल स्रोत:  : https://usun.usmission.gov/remarks-by-ambassador-linda-thomas-greenfield-at-a-un-general-assembly-emergency-special-session-on-ukraine/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

Micron’s 16 Contracts Reveal the Next AI Bottleneck

Customers are locking up memory supply years in advance — and that changes the trade ...