Friday, July 17, 2026

ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्र वीज़ा के दुरुपयोग को समाप्त करने के लिए अंतिम नियम जारी किया

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



होमलैंड सुरक्षा मंत्रालय
जुलाई 16, 2026

छात्र वीज़ा का विस्तार अब केवल कड़ी जांच-पड़ताल के बाद ही उपलब्ध होगा

वाशिंगटन – आज अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा मंत्रालय (डीएचएस) ने एक अंतिम नियम जारी करने की घोषणा की, जिसके तहत आधिकारिक रूप से “ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस” वाली ख़ामी को समाप्त कर दिया गया है। इस ख़ामी के कारण विदेशी छात्रों, विनिमय कार्यक्रम के प्रतिभागियों और विदेशी मीडिया प्रतिनिधियों को नियमित सरकारी निगरानी के बिना अनिश्चितकाल तक अमेरिका में रहने की अनुमति मिल जाती थी।

नए नियम के तहत एफ़ (F), जे (J) और आई (I) श्रेणी के गैरआप्रवासी वीज़ा धारकों के लिए अमेरिका में प्रवेश की निश्चित अवधि निर्धारित की गई है। इस महत्वपूर्ण बदलाव का उद्देश्य अमेरिकी आव्रजन प्रणाली की विश्वसनीयता को फिर से स्थापित करना, वीज़ा के व्यापक दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा नियमित सत्यापन के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करना है। उल्लेखनीय है कि अन्य कई प्रकार के गैरआप्रवासी वीज़ा पहले से ही निश्चित अवधि के आधार पर जारी किए जाते हैं।

डीएचएस मंत्री मार्कवेन मलेन ने कहा, लगभग आधी सदी से, पुरानी ड्यूरेशन ऑफ स्टेटसप्रणाली राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा बनी रही और उसके कारण आव्रजन धोखाधड़ी के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार हुआ।” “दशकों से, विदेशी छात्रों को अनिश्चित अवधि के लिए अमेरिका में प्रवेश दिया जाता रहा है, जिससे हज़ारों लोगों ने अमेरिका छोड़ने से बचने के लिए लगातार विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला लेकर हमारी आव्रजन प्रणाली का दुरुपयोग किया। इन वीज़ाओं पर स्पष्ट और सीमित सीमाएं लागू करके अमेरिका अपने यहां रहने वाले लोगों की उचित रूप से जांच, सत्यापन और निगरानी करने की अपनी क्षमता को वापस हासिल कर रहा है। यह अंतिम नियम सुनिश्चित करता है कि विदेशी छात्र अपने मूल उद्देश्य – अपनी पढ़ाई पूरी करना और अपने देश में वापस लौटना – पर ही केंद्रित रहें।”

1978 के बाद से, विदेशी छात्रों को एक अनिर्दिष्ट अवधि के लिए अमेरिका में प्रवेश दिया जाता रहा है, जिससे हजारों लोग देश छोड़ने से बचने के लिए लगातार पाठ्यक्रमों में दाखिला लेकर “हमेशा के लिए छात्र” (फॉरेवर स्टूडेंट्स) बन जाते हैं। यह अंतिम नियम कई बड़े सुधारों के माध्यम से इस शोषण को समाप्त करता है:

  • निश्चित प्रवेश अवधि: गैरआप्रवासी छात्र (F वीज़ा) और विनिमय कार्यक्रम के प्रतिभागियों (J वीज़ा) को केवल उनके संबंधित शैक्षणिक या विनिमय कार्यक्रम की अवधि तक ही अमेरिका में रहने की अनुमति होगी। यह अवधि अधिकतम चार वर्ष से अधिक नहीं होगी।
  • अनिवार्य संघीय विस्तार प्रक्रिया: जिन वीज़ा धारकों को अपना शैक्षणिक कार्यक्रम पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय चाहिए होगा, उन्हें अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) के माध्यम से औपचारिक रूप से एक्सटेंशन ऑफ़ स्टे (ईओएस) के लिए आवेदन करना होगा। इससे वीज़ा विस्तार की निगरानी विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों के बजाय फिर संघीय सरकार के अधिकार में आ जाएगी और आवेदकों को बायोमेट्रिक सत्यापन, पृष्ठभूमि जांच तथा धोखाधड़ी की जांच से गुजरना होगा।
  • अमेरिका छोड़ने के लिए अनुग्रह अवधि में कमी: पढ़ाई पूरी होने के बाद F-1 वीज़ा वाले छात्रों को अमेरिका छोड़ने, किसी अन्य शैक्षणिक संस्थान में स्थानांतरण करने या अपनी वीज़ा स्थिति बदलने की तैयारी के लिए मिलने वाली अवधि 60 दिनों से घटाकर 30 दिन कर दी गई है।
  • शैक्षणिक कार्यक्रम परिवर्तन पर पाबंदियां: यह नियम शैक्षणिक कार्यक्रमों के परिवर्तनों पर सख्त सीमाएं लागू करता है।

यह अंतिम नियम अगले कुछ दिनों में फ़ेडरल रजिस्टर में प्रकाशित किया जाएगा और उसके 60 दिन बाद प्रभावी हो जाएगा।

जो गैरआप्रवासी वीज़ा धारक वर्तमान में अमेरिका में पुरानी “ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस” व्यवस्था के तहत रह रहे हैं, वे स्वतः नई व्यवस्था में स्थानांतरित हो जाएंगे। इस नियम के प्रभावी होने की तिथि से उनके अधिकृत प्रवास की अवधि अधिकतम चार वर्ष तक सीमित कर दी जाएगी।

स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विज़िटर प्रोग्राम (एसईवीपी) संघीय सरकार और अंतरराष्ट्रीय छात्र समुदाय के बीच सेतु का कार्य करता है। इसका संचालन अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा मंत्रालय के अंतर्गत अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आइस) द्वारा किया जाता है। डीएचएस की ओर से एसईवीपी शैक्षिक संस्थानों, F और M वीज़ा श्रेणियों के गैरअप्रवासी छात्रों और उनके आश्रितों का प्रबंधन करता है। एसईवीपी अमेरिका की यात्रा करने और अमेरिकी शिक्षा तंत्र के तहत अध्ययन के दौरान शैक्षिक संस्थानों, विनिमय आगंतुक कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर नज़र रखने और उनकी निगरानी करने के लिए स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विज़िटर इंफ़ॉर्मेशन सिस्टम (एसईवीआईएस) का उपयोग करता है।


मूल स्रोत: https://www.dhs.gov/news/2026/07/16/trump-administration-issues-final-rule-end-foreign-student-visa-abuse

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using Granicus Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog