Saturday, July 11, 2026

अमेरिका ने ईरानी शासन को धन उपलब्ध कराने वालों और शैडो बैंकिंग नेटवर्कों पर शिकंजा कसा

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रेस वक्तव्य
थॉमस “टॉमी” पिगट, प्रवक्ता
जुलाई 10, 2026

अमेरिका ईरानी शासन से जुड़े कुलीन वर्ग को सहारा देने वाले वित्तीय स्रोतों को बंद करने के लिए कड़े कदम उठा रहा है। आज की कार्रवाई के तहत दुबई स्थित ईरानी नागरिक अली अंसारी को निशाना बनाया गया है, जिसने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई तथा शासन से जुड़े अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों की ओर से रियल एस्टेट तथा वाणिज्यिक परिसंपत्तियों का एक व्यापक वैश्विक नेटवर्क खड़ा किया है जो जर्मनी, ब्रिटेन, स्पेन, साइप्रस, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य देशों में फैला हुआ है।

अमेरिका ने ईरान में मौजूद तीन करेंसी एक्सचेंज कंपनियों — मोहम्मद दरबानी एंड पार्टनर्स, लावासानी एंड पार्टनर्स, और मोहसिन खानदान एंड पार्टनर्स — के साथ-साथ उनके प्रबंधकीय साझेदारों और उनसे जुड़ी मुखौटा कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं। इन नेटवर्कों को निशाना बनाकर, अमेरिका विदेशी मुद्रा हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय गतिविधियां संचालित करने की ईरानी शासन की क्षमता को सीधे तौर पर बाधित कर रहा है।

ये कदम ईरानी शासन के भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय आक्रामकता को सक्षम बनाने वाले सभी व्यक्तियों और संस्थाओं को जवाबदेह ठहराने की ट्रंप प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अमेरिका उन व्यक्तियों, कंपनियों और वित्तीय संस्थानों – जिनमें विदेशी संस्थाएं भी शामिल हैं – पर प्रतिबंध लगाना जारी रखेगा, जो ईरान की अवैध व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाते हैं। जब तक ईरानी शासन अपनी अस्थिरताकारी हरकतों और ईरानी जनता के शोषण को बंद नहीं करता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।

आज की कार्रवाई ईरान के वित्तीय और पेट्रोलियम सेक्टर में कार्यरत लोगों को पर लक्षित ई.ओ. 13902, और ईरान के सर्वोच्च नेता और उनके सहयोगियों पर केंद्रित ई.ओ. 13876, तथा आतंकवादरोधी आदेश ई.ओ. 13224 (ई.ओ. 13886 द्वारा संशोधित) के तहत की जा रही है। ये प्रतिबंधात्मक कदम ईरान के शैडो बैंकिंग और करेंसी एक्सचेंज कंपनियों के नेटवर्कों को निशाना बनाने के लिए विदेशी परिसंपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफ़एसी) द्वारा की गई विभिन्न कार्रवाइयों को आगे बढ़ाती हैं। आज की कार्रवाइयों के बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए कृपया वित्त मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति देखें।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/07/u-s-squeezes-irans-regime-financiers-and-shadow-banking-networks

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using Granicus Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog