Wednesday, June 3, 2026

हाउस विनियोग उपसमिति के समक्ष विदेश मंत्री मार्को रूबियो का वक्तव्य

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
मार्को रूबियो, विदेश मंत्री
वक्तव्य
वाशिंगटन डीसी
जून 2, 2026

प्रमुख अंश

विदेश मंत्री रूबियो: हमारी विदेश नीति की बुनियाद हमेशा अमेरिका का राष्ट्रीय हित होनी चाहिए। मूलतः इसका अर्थ है यह निर्धारित करना कि राष्ट्रीय हित क्या है, और फिर उसे इस प्रकार लागू करना कि हमारी विदेश नीति उसी को प्रतिबिंबित करे। यह हर क्षेत्र में लागू होता है – कूटनीति के काम में और उन जगहों पर जहां हम काम करते हैं – और हां, इसके लिए प्राथमिकताओं को तय करना ज़रूरी है। इसका अर्थ यह है कि हमें दुनिया के कुछ हिस्सों को अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक प्राथमिकता देनी होगी, और कुछ मुद्दों को अन्य मुद्दों से ऊपर रखना होगा। सीमित संसाधनों की यही वास्तविकता है, और दुनिया के हर देश के पास संसाधन सीमित होते हैं – यहां तक कि अमेरिका के पास भी, भले ही हमारे पास व्यापक संसाधन क्यों न हों।

दूसरी बात यह है कि हम सहायता कैसे जुटाते हैं और कैसे बांटते हैं। हम अभी भी दुनिया का सबसे बड़ा सहायता प्रदाता देश हैं, और वह भी बड़े अंतर से। मतलब, कोई दूसरा देश हमारे आसपास भी नहीं है। लेकिन हम नहीं चाहते कि सहायता को सिर्फ़ इस आधार पर आंका जाए कि आप कितना पैसा खर्च करते हैं। हम चाहते हैं कि उसे उसके नतीजों के आधार पर आंका जाए। और मुझे लगता है कि हम आज इस बारे में बात कर सकते हैं, लेकिन कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें मैं उठाना चाहूंगा, जो मुझे बहुत उम्मीद भरे लगते हैं।

पहला मुद्दा यह है कि हम वैश्विक स्वास्थ्य रणनीति के तहत, दुनिया भर के देशों के साथ 32 से ज़्यादा स्वास्थ्य समझौते कर चुके हैं। और ये समझौते ऐसे हैं कि इन पर हस्ताक्षर करने वाले देश इन्हें बहुत पसंद कर रहे हैं, केवल इसलिए नहीं कि उन्हें संसाधन मिल रहे हैं, बल्कि इसलिए भी कि हम उनके घरेलू संसाधनों में निवेश कर रहे हैं। वास्तव में, हम इन देशों में ऐसी बुनियाद तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं कि एक दिन उन्हें विदेशी सहायता की आवश्यकता ही न रहे, क्योंकि वे स्वयं इसे चला पाने में सक्षम होंगे। हम उनके खुद के स्वास्थ्य सेवा ढांचे के निर्माण में सहायता कर रहे हैं, बजाय इसके कि वे लंबे समय तक गैरसरकारी संगठनों के व्यापक  नेटवर्क और वैसी अन्य व्यवस्थाओं पर निर्भर रहें। हम चाहते हैं कि वे अपनी घरेलू क्षमता विकसित करें; हम उनकी सहायता करेंगे। वे इससे बहुत संतुष्ट हैं क्योंकि इससे उन्हें यह अधिकार भी मिलता है कि उनके देशों में सहायता का वितरण किस प्रकार किया जाए।

मानवीय सहायता के मामले में भी यही बात लागू होती है। पिछले साल की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक यह है कि हम किसी भी आपदा के समय, पिछली सरकारों और संगठनों के मुकाबले कहीं ज़्यादा तेज़ी से और कहीं ज़्यादा असरदार तरीके से मदद पहुंचा पाए हैं। जमैका इसका एक बेहतरीन उदाहरण है। कैरिबियन क्षेत्र में एक तूफ़ान आया था, जिससे जमैका बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हम बहुत तेज़ी से और बहुत असरदार तरीके से वहां मदद पहुंचा पाए। पूर्वी एशिया के कुछ तूफ़ानों के मामले में भी ऐसा ही हुआ, और अब हम इबोला के मामले में भी ऐसा ही कर रहे हैं। इबोला से निपटने के लिए हमने बहुत कम समय में ही 20 करोड़ डॉलर से ज़्यादा की सहायता राशि की व्यवस्था की। यहां तक कि हमने कूटनीतिक उपायों के ज़रिए कीनिया में एक स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित कर लिया, जहां इबोला से संक्रमित किसी भी अमेरिकी नागरिक को निगरानी में रखा जा सके। अगर वहां कोई व्यक्ति इबोला से संक्रमित मिला, तो उसे ऐसी जगह पर भेज दिया जाएगा जहां उसकी ठीक से देखभाल की जा सके। अगर निगरानी अवधि के बाद वे संक्रमित नहीं पाए जाते हैं, तो वे अमेरिका लौट सकेंगे या जहां भी की यात्रा पर थे, वहां वापस जा पाएंगे।

इसके अतिरिक्त, हमने संयुक्तराष्ट्र और अन्य स्थानों पर अपने साझेदारों को भी तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग दिया है।

तो मैं कहूंगा कि आज विदेशी सहायता अधिक त्वरित और प्रतिक्रियाशील बन गई है; यह ज़्यादा तेज़ी से काम कर रही है, इसकी वजह है वह लचीलापन जो आपने हमें सहायता प्रयासों के लिए दिया है, और यह ज़्यादा रचनात्मक भी हो गई है। और यह बात खास तौर पर वैश्विक स्वास्थ्य रणनीति के मामले में सच है।

हम आगे उन कुछ व्यवस्थाओं के बारे में और विस्तार से बात कर सकते हैं जो हमने अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ की हैं – उदाहरण के लिए ग्लोबल फ़ंड और उनके प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की हमारी क्षमता। हमने उनके साथ बहुत करीब से काम किया है। ग्लोबल फ़ंड में हमने अपने योगदान की जो रूपरेखा तैयार की है, उससे वे बेहद खुश हैं। मुझे लगता है कि आज संयुक्तराष्ट्र और मानवीय सहायता मामलों के लिए संयुक्तराष्ट्र के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) की ओर से भी हमारे साथ किए गए उनके कार्य तथा उन्हें उनके मिशन को पूरा करने के लिए आवश्यक धन और संसाधन उपलब्ध कराने की हमारी क्षमता पर एक वक्तव्य जारी किया गया है।

तो मैं बस यही कहूंगा कि मुझे ऐसा लगता है – हालांकि यह अभी भी जारी है और हमेशा इसकी एक तय प्रक्रिया होती है – कि हमने दुनिया भर में अमेरिकी विदेशी सहायता पहुंचाने के तरीके में ज़बरदस्त सुधार किए हैं। अब हम इसे न केवल एक लक्षित तरीके से बल्कि अधिक प्रभावी तरीके से करने में सक्षम हैं, जिसमें सहायता का मूल्यांकन केवल इस बात से नहीं किया जाता है कि आप कितना पैसा खर्च कर रहे हैं;  बल्कि इस आधार पर किया जाता है कि आपको उससे क्या नतीजे मिल रहे हैं।

और एड्स राहत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की आपातकालीन योजना (पेपफ़ार) के विषय में, और अन्य मामलों पर भी बात करने के लिए और भी बहुत कुछ है – अगर आप उनके बारे में कुछ पूछना चाहें, तो मैं अपनी बातचीत में उन्हें शामिल करने का कोई तरीका ढूंढ लूंगा।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/06/secretary-of-state-marco-rubio-before-the-house-appropriations-subcommittee/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

हाउस विनियोग उपसमिति के समक्ष विदेश मंत्री मार्को रूबियो का वक्तव्य

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से ...