Saturday, June 6, 2026

इबोला प्रकोप संबंधी कदमों के बारे में अपडेट – 5 जून 2026

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रवक्ता का कार्यालय
मीडिया नोट
जून 5, 2026

विदेश मंत्रालय अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के साथ घनिष्ठ समन्वय और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) और युगांडा की सरकारों के साथ साझेदारी में इबोला के प्रकोप के खिलाफ़ लगातार त्वरित और व्यापक कदम उठा रहा है। आज, विदेश मंत्रालय इबोला प्रकोप से निपटने के अपने निरंतर जारी प्रयासों के लिए लगभग 3.8 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग की घोषणा कर रहा है, जिससे इबोला संबंधी कोशिशों के लिए विदेश मंत्रालय की कुल प्रत्यक्ष फ़ंडिंग बढ़कर 20 करोड़ डॉलर से अधिक हो गई है। यह फ़ंडिंग कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी), दक्षिण सूडान व युगांडा में इबोला से निपटने के प्रयासों और अन्य मानवीय सहायता के लिए दिए गए 35 करोड़ डॉलर – जो संयुक्तराष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) के लिए 14 मई को घोषित हमारे 1.8 अरब डॉलर के योगदान का हिस्सा है – के अतिरिक्त है। अमेरिका इबोला नियंत्रण प्रयासों में सबसे बड़ा वित्तीय योगदानकर्ता बना हुआ है।

अमेरिकियों की सुरक्षा

अमेरिकी दूतावास निरंतर अमेरिकियों को यात्रा, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी नवीनतम जानकारी दे रहे हैं।

अमेरिकी लोगों की सेहत की सुरक्षा करना और इबोला के इस प्रकोप को हमारे देश तक पहुंचने से रोकना विदेश मंत्रालय की शीर्ष प्राथमिकता बनी हुई है और हम इसी पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। इसी मक़सद से, विदेश मंत्रालय ने सीडीसी, युद्ध मंत्रालय और अन्य अमेरिकी एजेंसियों के साथ मिलकर उन अमेरिकी नागरिकों की मदद के लिए एक स्वैच्छिक प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके इबोला से संक्रमित होने की आशंका है या जो इबोला के मौजूदा प्रकोप के दौरान डीआरसी, दक्षिण सूडान या युगांडा से निकलने के लिए मदद चाहते हैं। अमेरिकी नागरिकों पर अमेरिका और विदेशी सरकारों के स्वास्थ्य, यात्रा और स्क्रीनिंग से जुड़े नियम लागू रहेंगे। इस नई प्रक्रिया के बारे में जानकारी विदेश मंत्रालय के इबोला सूचना पेज पर देखी जा सकती है।

अमेरिकी नागरिकों को दृढ़ता से प्रोत्साहित किया जाता है कि वे अपने मौजूदा स्थान के हिसाब से सबसे ताज़ा जानकारी पाने के लिए स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (स्टेप) में रजिस्टर करें।

क्षेत्रीय प्रयासों को समर्थन

इबोला से निपटने के लिए विदेश मंत्रालय द्वारा दी जा रही 20 करोड़ डॉलर से ज़्यादा की सीधी मदद के समर्थन से ज़मीनी स्तर पर काम करने वाली संस्थाएं संपर्क ट्रेसिंग, सीमा एवं प्रवेश स्थलों पर स्क्रीनिंग, प्रभावित इलाकों में दर्जनों स्वास्थ्य क्लीनिकों में उपचार और इबोला के फैलाव संबंधी गलत सूचनाओं से निपटने के लिए सामुदायिक जागरूकता का काम जारी रख रही हैं।

इबोला से निपटने के लिए अमेरिका से सीधे वित्तपोषित साझेदार संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयास निम्नांकित हैं:

 1. ज़रूरी सामग्रियों की खरीद और आपूर्ति

o  डीआरसी में, अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने हवाई अड्डों पर उपयोग के लिए थर्मोस्कैनर, संचार उपकरण, पेयजल, सफाई एवं स्वच्छता (वाश) तथा संक्रमण रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित सामग्रियों की खरीद की है और उन्हें वितरित कर रहा है।

o  डीआरसी में, यूनिसेफ़ ने तीन इबोला उपचार केंद्रों और उच्च जोखिम वाले इलाकों के 28 स्वास्थ्य केंद्रों में वाश तथा संक्रमण रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित सामग्रियों का वितरण किया है।

2. सीमा पर स्क्रीनिंग और निगरानी

o   डीआरसी में, आईओएम हवाई अड्डों पर बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में मदद कर रहा है ताकि स्वास्थ्य अधिकारियों की रोग निगरानी क्षमता को मज़बूत किया जा सके।

o  युगांडा में, आईओएम ने 13 प्रवेश स्थलों पर स्वास्थ्य स्क्रीनिंग में मदद के लिए 100 से ज़्यादा स्क्रीनिंग कर्मियों और डेटा क्लर्क तैनात किए हैं।

o  अमेरिका से फ़ंड पाने वाले साझेदार डीआरसी में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर डेटा की गुणवत्ता से जुड़ी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं जो कि बीमारी के फैलाव के दायरे और पैमाने के आकलन के लिए एक अहम कदम है।

3. संपर्क ट्रेसिंग और जोखिम संबंधी जनजागरूकता

o  अमेरिका द्वारा वित्तपोषित साझेदार लगातार संपर्क ट्रेसिंग गतिविधियों का समर्थन कर रहे हैं, जिसमें हाल ही में बुनिया (डीआरसी) में संक्रमण की पुष्टि वाले रोगियों के संपर्क में आए दर्जनों लोगों की पहचान करना और उन तक पहुंचना शामिल है।

o  डीआरसी में, वर्ल्ड विज़न संस्था के लोगों ने घर-घर जाकर और बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाकर 4,00,000 से ज़्यादा लोगों तक पहुंच बनाई है। इन अभियानों में चर्च, बाज़ार और स्वास्थ्य सेवा केंद्र शामिल थे। साथ ही, उन्होंने लगभग 400 सामुदायिक स्वयंसेवकों और सामुदायिक स्वास्थ्यकर्मियों को इबोला की पहचान, रोकथाम, जोखिम और सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रशिक्षण दिया है।

o  मोमेंटम इंटीग्रेटेड हेल्थ रेज़िलिएंस से जुड़े विशेषज्ञों ने गोमा और सीमावर्ती इलाकों के पांच अन्य स्वास्थ्य ज़िलों में 1,500 से ज़्यादा स्वास्थ्य सेवा कर्मियों, सफ़ाई कर्मचारियों और सामुदायिक प्रतिनिधियों (शिक्षक, धार्मिक नेता, पारंपरिक वैद्य, लोक परिवहन कर्मी और सामुदायिक नेता) को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

o  अमेरिका द्वारा वित्तपोषित साझेदार इबोला से मृत व्यक्तियों के सुरक्षित और सम्मानजनक अंतिम संस्कार (एसडीबी) में मदद कर रहे हैं। इसमें एसडीबी में सहायता के विशेषज्ञ टीमों की तैनाती, एसडीबी से जुड़े इबोला रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूकता अभियान तथा स्वास्थ्य सेवा कर्मियों और समुदायों को सुरक्षित रखने के लिए ज़रूरी सामग्री उपलब्ध कराना शामिल है।

o  डीआरसी में, यूनिसेफ़ ने बुनिया और रवामपारा स्वास्थ्य ज़िलों में 650 से ज़्यादा स्वास्थ्य सेवा कर्मियों के प्रशिक्षण में सहयोग किया है।

4. रोग परीक्षण से जुड़ी सामग्री

o  डीआरसी में,  एफ़एचआई 360 ने मोंगबवालू में एक डायग्नोस्टिक टेस्टिंग मशीन लगाई ताकि स्वास्थ्य देखभाल की जगह के पास ही रोग जांच की सुविधा मिल सके।

5. रोगियों की पहचान और उपचार

o  डीआरसी में, इंटरनेशनल मेडिकल कोर (आईएमसी) ने 125 प्रभावित क्षेत्रों में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों और सामुदायिक स्वास्थ्यकर्मियों को इबोला के लक्षणों की पहचान करने, संदिग्ध रोगियों को सुरक्षित रूप से अलग रखने तथा इबोला उपचार केंद्रों, ट्रांज़िट केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीज़ों की देखभाल करते समय इबोला प्रयासों में लगे कर्मियों को खुद को सुरक्षित रखने का प्रशिक्षण दिया है। आईएमसी प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों की मदद करने का काम जारी रखे हुए है, जिनमें इबोला से निपटने के प्रयासों से जुड़े क्लीनिक भी शामिल हैं, जहां अब तक 540 लोगों की इबोला के लिए जांच की गई है।

6. संदिग्ध और संक्रमण की पुष्टि प्राप्त रोगियों तथा स्वास्थ्यकर्मियों को खाद्य सहायता

o  डीआरसी में, विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफ़पी) इबोला उपचार और पृथक्करण (आइसोलेशन) केंद्रों में मरीज़ों, उनकी देखभाल में लगे कर्मियों, मरीज़ों के संपर्क में आए लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों को खाद्य सहायता प्रदान कर रहा है।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/06/ebola-response-update-june-5-2026

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

🐤 MarketBeat Week in Review – 06/01 - 06/05

Stocks were down to end the week with the Nasdaq and S&P 500 indexes trading sharply lower. Could this be the beginn...