Wednesday, May 27, 2026

अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव फ़्रेमवर्क

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रवक्ता का कार्यालय
मीडिया नोट
मई 26, 2026

नई दिल्ली, भारत में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका की सरकारों द्वारा निम्नलिखित वक्तव्य का पाठ जारी किया गया।.
वक्तव्य आरंभ
अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत (“क्वाड साझेदार”) विशिष्ट खनिजों की सुरक्षित सप्लाई चेन के विकास में सहयोग का इरादा रखते हैं, जो कि उन्नत प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास और हमारे औद्योगिक आधारों की मज़बूती के लिए बहुत ज़रूरी हैं। क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव के ज़रिए, क्वाड साझेदार मिलकर काम करते हुए आर्थिक नीति के साधनों और आपसी तालमेल से किए गए निवेश के ज़रिए विविधतापूर्ण और निष्पक्ष विशिष्ट खनिज बाज़ारों के विकास को तेज़ करने तथा उन विशिष्ट खनिजों की आपूर्ति को समर्थन देने का इरादा रखते हैं, जो हमारे क्षेत्र की आर्थिक वृद्धि और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
यह फ़्रेमवर्क क्वाड साझेदारों के बीच – प्रत्येक साझेदार की घरेलू नीतियों और प्राथमिकताओं का उचित ध्यान रखते हुए – विशिष्ट खनिजों की आपूर्ति श्रृंखलाओं (सप्लाई चेन) पर सहयोग के मुख्य क्षेत्रों का निर्धारण करता है।

I. निवेश और परियोजना विकास

क्वाड साझेदार खनन, प्रसंस्करण और रीसाइक्लिंग सहित विशिष्ट खनिजों से जुड़ी आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत करने के लिए नए और मौजूदा प्रयासों के ज़रिए सरकारी और निजी क्षेत्र से 20 अरब डॉलर तक जुटाने का इरादा रखते हैं, जिसके लिए उठाए जाने वाले कदमों में शामिल हैं:

• उन परियोजनाओं की पहचान करना जिनका कि क्वाड से जुड़ाव हो – जैसे ऐसी परियोजनाएं जो क्वाड साझेदार देशों में स्थित हों, जिनका संचालन क्वाड साझेदार देशों में मुख्यालय वाली कंपनियां करती हों, या जो क्वाड के बाज़ारों में आपूर्ति करती हों और विशिष्ट खनिजों की सप्लाई चेन से जुड़ी कमियों को दूर करते हों;
• रणनीतिक विशिष्ट खनिज परियोजनाओं को सहायता देना जिसमें निर्यात ऋण एजेंसियों और विकास वित्त संस्थानों से सहायता दिलाना, निजी पूंजी उपलब्ध कराना या अन्य सार्वजनिक समर्थन साधनों – जैसे गारंटी, ऋण, इक्विटी भागीदारी, बीमा, सब्सिडी तथा आवश्यकतानुसार ऑफ़टेक या अन्य वाणिज्यिक व्यवस्थाएं – का उपयोग शामिल है; और
• निजी पूंजी जुटाने में मदद करने और क्वाड साझेदार देशों तथा क्षेत्रीय स्तर पर विशिष्ट खनिजों की सप्लाई चेन को मज़बूत करने के लिए नए तंत्रों पर विचार करना।

II. नियामक समन्वय और समग्र वातावरण
क्वाड साझेदार, अपने-अपने घरेलू क़ीनूनों के अनुसार और जहां ज़रूरी हो, विशिष्ट खनिजों के विकास के लिए समग्र वातावरण को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखते हैं। इसमें ये कदम शामिल हैं:

• परमिट देने, लाइसेंस जारी करने और नियामक प्रक्रियाओं के अच्छे तौर-तरीकों और तकनीकी दृष्टिकोणों पर ज़रूरत के अनुसार जानकारी साझा करना, जिसमें परमिट देने की समय-सीमा और प्रक्रियाओं को तेज़ या सुव्यवस्थित करने के उपाय शामिल हैं;
• अपने-अपने घरेलू क़ानूनों के अनुरूप, ऐसे साधन और प्राधिकार विकसित करना या उन्हें मज़बूत बनाना, जिनसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले विशिष्ट खनिजों से जुड़े लेन-देन की समीक्षा की जा सके और ज़रूरत के अनुसार उन पर कार्रवाई की जा सके;
• भूवैज्ञानिक मानचित्रण और संसाधन मूल्यांकन से जुड़े प्रौद्योगिकी विकास और क्षमता निर्माण में सहयोग करना; और
• गैर-बाज़ार नीतियों और अनुचित व्यापार प्रथाओं से निपटने के लिए समन्वित उपायों की व्यवहार्यता पर विचार करना, जैसे कि उच्च-मानक वाले बाज़ार, मूल्य तंत्र, या अन्य उपाय।

III. विशिष्ट खनिजों की रीसाइक्लिंग और रिकवरी

क्वाड साझेदार आपूर्ति श्रृंखला को मज़बूत बनाने तथा क्वाड साझेदारों और समान विचारधारा वाले देशों के भीतर मौजूद विशिष्ट खनिजों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) और अन्य स्क्रैप सामग्रियों से विशिष्ट खनिजों की पुनर्प्राप्ति और उपयोग को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का इरादा रखते हैं, जिसके लिए उठाए जाने वाले कदमों में शामिल हैं:

• निजी क्षेत्र के साथ सहयोग के ज़रिए, क्वाड साझेदार देशों के भीतर विशिष्ट खनिजों की रीसाइक्लिंग से जुड़ी तकनीकों, प्रक्रियाओं और संग्रहण नेटवर्क में निवेश को बढ़ावा देना और उसका समर्थन करना;
• विशिष्ट खनिजों की पुनर्प्राप्ति (रिकवरी) को बढ़ाने के लिए सहयोग करना, जैसे मज़बूत संग्रहण और रीसाइक्लिंग प्रक्रियाएं स्थापित करके या उनकी स्थापना में सहायता करके;
• क्वाड साझेदारों के बीच ई-कचरे और स्क्रैप सामग्री से विशिष्ट खनिजों की रिकवरी और उनकी रीसाइक्लिंग में नवाचार को बढ़ावा देना; और
• प्रत्येक साझेदार देश के घरेलू कानूनों, नियमों और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप, क्वाड साझेदारों के बीच विशिष्ट खनिजों से जुड़े कचरे और स्क्रैप के आयात-निर्यात की प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सहयोग की संभावनाएं तलाशना।
वक्तव्य समाप्त


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/05/quad-critical-minerals-initiative-framework-among-the-united-states-japan-australia-and-india/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

USAO - Rhode Island News Update

Offices of the United States Attorneys ...