Wednesday, May 13, 2026

इकोनॉमिक फ़्यूरी प्रतिबंधों के नए चरण में आईआरजीसी की तेल संबंधी गतिविधियों को निशाना बनाया गया

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रवक्ता का कार्यालय
प्रवक्ता टॉमी पिगट का वक्तव्य
मई 11, 2026

ट्रंप प्रशासन इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) पर दबाव बढ़ा रहा है, और उन वित्तीय नेटवर्कों को निशाना बना रहा है जो उसके अवैध तेल गतिविधियों को संभव बनाते हैं।

आज, अमेरिका एक ऐसे नेटवर्क पर प्रतिबंध लगा रहा है जो आईआरजीसी के लिए विदेशी खरीदारों को ईरानी तेल की बिक्री और ढुलाई में शामिल है; साथ ही, आईआरजीसी के शहीद पुरजाफ़री तेल मुख्यालय के तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर भी प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, जो इन अवैध लेन-देन का समन्वय करते हैं। ये कदम उन अवैध फ़ंडिंग स्रोतों को बाधित करते हैं, जिनसे ईरान अपने आतंकवादी प्रतिनिधि समूहों और क्षेत्रीय आक्रामकता को वित्तपोषित करता है। ये तेल राजस्व ईरानी लोगों का है, जिन्हें ईरानी शासन के भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन, और उसके द्वारा अपने नागरिकों की बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने के बजाय आतंकवादी मिलिशिया और हथियार कार्यक्रमों की फ़ंडिंग को प्राथमिकता दिए जाने के कारण रोज़ाना आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

यह कार्रवाई इकोनॉमिक फ़्यूरी के तहत प्रतिबंधों का एक अतिरिक्त दौर है, जो ईरान के खिलाफ़ ट्रंप प्रशासन के अधिकतम दबाव अभियान का हिस्सा है। अमेरिका ईरानी शासन को आय के उन स्रोतों तक पहुंचने से रोकता रहेगा, जिनसे आतंकवाद का वित्तपोषण किया जाता है, क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा पैदा किया जाता है, और जिनसे अमेरिकी सेनाओं तथा सहयोगी देशों पर हमले संभव हो पाते हैं।

इसके अलावा, अमेरिकी विदेश मंत्रालय का रिवॉर्ड्स फ़ॉर जस्टिस (आरएफ़जे) कार्यक्रम, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) और उसकी विभिन्न शाखाओं के वित्तीय तंत्र को बाधित करने में मददगार जानकारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर तक का इनाम दे रहा है। इस बारे में अधिक जानकारी आरएफ़जे की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आज की कार्रवाई आतंकवाद-रोधी अधिकार कार्यकारी आदेश (ई.ओ.) 13224 के तहत की जा रही है, जो आतंकवादी समूहों, उनके समर्थकों और आतंकवादी गतिविधियों में मदद करने वालों को निशाना बनाता है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर-क़ुद्स फ़ोर्स (आईआरजीसी-क़्यूएफ़) को समर्थन देने के कारण आईआरजीसी पर 13 अक्टूबर, 2017 को ई.ओ. 13224 के तहत प्रतिबंध लगाए गए थे। ज़्यादा जानकारी के लिए, वित्त मंत्रालय की प्रेस रिलीज़ देखें। नेशनल ईरानियन ऑयल कंपनी को भी आईआरजीसी-क़्यूएफ़ को उसके समर्थन के कारण 26 अक्टूबर 2020 को ई.ओ. 13224 के तहत प्रतिबंधित किया गया था।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/05/new-round-of-economic-fury-sanctions-targets-irgc-oil-operations/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog