Monday, April 22, 2024

विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन का एकल संवाददाता सम्मेलन

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी विदेश मंत्रालय
प्रवक्ता का कार्यालय
संबोधन
अप्रैल 19, 2024

पोलियो मीडिया सेंटर थिएटर
कैपरी, इटली

विदेश मंत्री ब्लिंकन: आप सभी को नमस्कार। इटली में यहां कैपरी आकर खुशी हो रही है। और मैं अपने मेज़बानों – प्रधानमंत्री मेलोनी, मेरे मित्र और सहयोगी, विदेश मंत्री तयानी – को न केवल उनके अद्भुत आतिथ्य के लिए बल्कि उनके उल्लेखनीय नेतृत्व के लिए भी धन्यवाद देते हुए अपनी बात शुरू करना चाहूंगा।

जी7 कई मायनों में दुनिया के सबसे उन्नत लोकतंत्रों की एक संचालन समिति है। और हम विदेश मंत्रियों की इस बैठक से पहले से कहीं अधिक एकजुट होकर उभरे हैं – अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने आने वाली महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करने के लिए और अधिक एकजुट, जिनमें यूक्रेन के खिलाफ़ रूसी आक्रामकता और मध्य पूर्व में संघर्ष की चुनौतियां शामिल हैं, और साथ ही मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत के लिए समर्थन बनाए रखना अहम है। ये और कई अन्य विषय पिछले दो दिनों में हमारी बातचीत का केंद्र बिंदु रहे, जो मुझे बेहद उपयोगी लगी। और जो चीज़ मुझे सर्वाधिक प्रभावित करती है – और जिसे – आपने जिसे पिछले तीन वर्षों में वास्तव में देखा है – इन चुनौतियों के प्रति हमारे दृष्टिकोण में असाधारण एकरूपता है, अमेरिका, यूरोप और एशिया में प्रमुख साझेदारों के बीच सामंजस्य है।

मैं सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से कुछ पर बात करना चाहूंगा जिन पर हमने पिछले कुछ दिनों में चर्चा की और संवाद संपन्न किया, और निश्चित रूप से मैं आपके समक्ष उस बयान की सराहना करना चाहूंगा जो हमने प्रस्तुत किया है या जो जल्द ही समग्र जी7 की तरफ से आपके सामने होगा। सबसे पहले, जी7 ने इज़रायल पर अभूतपूर्व ईरानी हमले की निंदा की, जो दायरे और पैमाने में अभूतपूर्व था, दायरे की बात करें तो यह ईरान से इज़रायल पर सीधा हमला था; पैमाने की बात करें तो इसमें बैलिस्टिक मिसाइलों सहित 300 से अधिक हथियार शामिल थे। हम इज़रायल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम तनाव को कम करने, इस तनाव को खत्म करने के लिए प्रयास करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।

आपने भी देखा, या आप जल्दी ही जी7 के वक्तव्य में देखेंगे, ईरान को उसकी अस्थिरताकारी गतिविधियों के लिए ज़िम्मेदार ठहराने की हमारी प्रतिबद्धता, उसकी मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं को कम करके उसे जवाबदेह ठहराने की प्रतिबद्धता। और कल अमेरिका ने ईरान पर अतिरिक्त प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए उसके यूएवी कार्यक्रम, इस्पात उद्योग, आईआरजीसी, रक्षा मंत्रालय और उसके सशस्त्र बलों के रसद से जुड़ी कंपनियों को लक्षित किया है। जी7 का बयान स्पष्ट करता है कि जी7 देश आने वाले दिनों में अतिरिक्त प्रतिबंध या अन्य उपायों की घोषणा करेंगे।

जब हम मध्य पूर्व में संघर्ष और अब ईरान द्वारा इज़रायल पर अभूतपूर्व हमले की चुनौतियों से निपट हैं, तब भी हमारा ध्यान गाज़ा पर केंद्रित है। हम इज़रायल की मानवीय सहायता प्रतिबद्धताओं के त्वरित कार्यान्वयन का आग्रह करते हैं – यानि अधिक सहायता, अधिक सीमा मार्ग, तनाव घटाने के बेहतर प्रयास, और सभी ज़रूरतमंदों के बीच सहायता का बेहतर वितरण। हमने पिछले कुछ हफ़्तों में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम देखे हैं – अधिक सीमा मार्गों का खुलनना, अधिक सहायता पहुंचना, अधिक मात्रा में सहायता सामग्रियों का वितरण – लेकिन हमें लगातार बेहतर परिणाम दिखने चाहिए। और हमें, विशेष रूप से, यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि सहायता सामग्री पूरे गाज़ा में बंटे।

हमने बंधकों की रिहाई के साथ युद्धविराम कराने की अनिवार्यता पर भी ध्यान केंद्रित किया। इस तरह के युद्धविराम से मानवीय सहायता का भारी विस्तार हो सकेगा। इससे गाज़ावासियों को भी उत्तरी इलाक़े में लौटने का मौका मिलेगा – उन लोगों को जिन्हें उत्तरी इलाक़े से विस्थापित होना पड़ा था। गाज़ा के लोगों और युद्धविराम के बीच एकमात्र अवरोध हमास है। उसने इज़रायल के उदार प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया है। ऐसा लगता है कि उसकी रुचि युद्धविराम – जिससे फ़लस्तीनी लोगों के जीवन में तुरंत सुधार होगा – की बजाय क्षेत्रीय संघर्ष में अधिक है। वह अपनी शर्तों को बदलता रहता है, इसलिए दुनिया को ये जानने और समझने की ज़रूरत है कि युद्धविराम और गाज़ा के लोगों के बीच एकमात्र अवरोध हमास है।

जी7 रूस की आक्रामकता का सामना कर रहे यूक्रेन के प्रति अपने अटूट समर्थन को लेकर भी बहुत स्पष्ट है। पुतिन को लगता है कि वह यूक्रेन को थका सकते हैं, और यूक्रेन के समर्थकों को थका सकते हैं। कैपरी से निकला संदेश ये है: वो ऐसा नहीं कर सकेंगे। प्रत्येक जी7 सदस्य यूक्रेन की रक्षा में असाधारण योगदान दे रहा है। और, जैसा कि मैंने पहले कहा, यह बोझ साझा करने का सबसे अच्छा ट्रांसअटलांटिक उदाहरण है जो मुझे इन मुद्दों से अपने 30 से अधिक वर्षों के जुड़ाव के दौरान देखने को मिला है, और यूरोप के साथ-साथ एशियाई साझेदार भी अपने हिस्से से अधिक बोझ वहन कर रहे हैं।

मैं विशेष रूप से प्रधानमंत्री मेलोनी का नाम लेना चाहूंगा उनके नेतृत्व, उनके निर्णायक नेतृत्व के लिए। वर्तमान में हम दो बातों पर गौर कर सकते हैं। हम साथ मिलकर यूक्रेन को एक दीर्घकालिक रास्ते पर लाने में मदद कर रहे हैं जहां वह सैन्य, आर्थिक और लोकतांत्रिक रूप से अपने पैरों पर मज़बूती से खड़ा होगा। इस समय 30 से अधिक देश सुरक्षा समझौते पर यूक्रेन के साथ बातचीत कर रहे हैं – और कुछ ने बातचीत पूरी भी कर ली है। और साथ ही इस संबंध में नैटो शिखर सम्मेलन से जो निकलेगा, मुझे विश्वास है कि आप यूक्रेन को भविष्य के लिए प्रभावी ढंग से एक सैनिक ताक़त बनते हुए देखेंगे – ऐसी ताक़त जो आक्रामकता को रोक सकती है और ज़रूरत पड़ने पर उसे हरा सकती है।

हम यूक्रेन में निजी क्षेत्र के निवेश को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं, और उसे अपने स्वयं के रक्षा औद्योगिक आधार को इस तरह विकसित करने में भी मदद कर रहे हैं जो एक मज़बूत और टिकाऊ अर्थव्यवस्था का आधार बन सके। और निश्चित रूप से, अब जबकि यूरोपीय संघ में शामिल होने का रास्ता खुला है, तो इससे यूक्रेन को अपने लोकतंत्र की जड़ें मज़बूत करने में मदद मिलेगी। लेकिन ये सब करते हुए भी हमने विदेश मंत्री कुलेबा की स्पष्ट बात सुनी है कि यह ज़रूरी है कि – इस समय, यूक्रेन को और अधिक संसाधन मिले, जिसकी उसे मौजूदा रूसी आक्रामकता से निपटने के लिए ज़रूरत है। उसे अधिक हवाई सुरक्षा इकाइयों की, अधिक गोला-बारूद की, और अधिक तोपखाने की आवश्यकता है।

जी7 देशों सहित सहयोगी और साझेदार इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने यूक्रेन को अधिक मात्रा में और तत्काल सहायता प्रदान करने के कदमों पर चर्चा की। हमने उसके ऊर्जा ग्रिड – जिसे रूस नष्ट करना चाहता है – की सुरक्षा और उसकी मरम्मत के लिए मदद करने के तरीकों पर भी चर्चा की। और इस सिलसिले में, मुझे लगता है कि हम उन महत्वपूर्ण कदमों को देख सकते हैं जो पहले ही उठाए जा चुके हैं, लेकिन यूक्रेन के पास अपने लोगों के लिए पर्याप्त ऊर्जा क्षमता हो, यह सुनिश्चित करने के लिए और कदम उठाए जाने होंगे।

हम रूस को हथियारों के हस्तांतरण और उसके रक्षा औद्योगिक आधार के लिए सामग्रियों की आपूर्ति को बाधित करने के प्रयासों को मज़बूत करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। जब हथियारों की बात आती है, तो हमने देखा है कि मुख्य रूप से उत्तर कोरिया और ईरान रूस को इसके लिए विभिन्न उत्पाद मुहैया कराते हैं। लेकिन जब रूस के रक्षा औद्योगिक आधार की बात आती है, तो इस समय इसमें प्राथमिक योगदानकर्ता चीन है। हम देख रहे हैं कि चीन मशीन के औजार, सेमीकंडक्टर, और दोहरे उपयोग वाली अन्य वस्तुओं की आपूर्ति कर रहा है, जिनसे रूस को रक्षा औद्योगिक आधार – जिसे कमज़ोर करने में प्रतिबंधों और निर्यात नियंत्रणों की बड़ी भूमिका रही है – के पुनर्निर्माण में मदद मिली है। अब, यदि चीन एक ओर यूरोप और अन्य देशों के साथ अच्छे संबंध चाहता है, तो दूसरी ओर वह यूरोपीय सुरक्षा के लिए शीतयुद्ध के बाद के सबसे बड़े खतरे को बढ़ावा नहीं दे सकता। और आपको इसे केवल मेरी बात के तौर पर नहीं लेना चाहिए – यह बात मुझे जी7 की मेज़ पर हर तरफ से सुनने को मिली।

यूक्रेन के लिए रूस की संप्रभु संपत्ति का उपयोग करने के मुद्दे के समाधान की दिशा में प्रगति भी एजेंडे का हिस्सा थी। और इस बारे में, मुझे लगता है कि हम अंतरराष्ट्रीय क़ानून के अनुरूप, विभिन्न देशों के क़ानूनों के अनुरूप, एक समझौते पर काम कर रहे हैं। क्रेमलिन ने इसे चोरी बताया है। असली चोरी का काम तो यूक्रेनवासियों की जान लेना, यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को नष्ट करना, और उसकी बहुत सारी ज़मीन हथियाना है। यूक्रेन के पुनर्निर्माण में मदद के लिए रूसी संप्रभु संपत्ति का उपयोग संभव होना महत्वपूर्ण है, और ये काम किसी न किसी तरह, आगे एक दिन ज़रूर होगा। यह उस सहायता का पूरक हो सकता है, उसका विकल्प नहीं है, जिसे इस समय हम सभी को यूक्रेन को देने की आवश्यकता है, और विशेष रूप से अनुपूरक बजट अनुरोध जो राष्ट्रपति बाइडेन ने सामने रखा है और जिस पर लगता है इस सप्ताहांत अमेरिकी संसद में विचार किया जाएगा।

एक बार फिर, मैं सिर्फ दो बातों पर ज़ोर देना चाहूंगा। सबसे पहले, इस राशि और इससे हासिल की जाने वाली हर चीज़ की यूक्रेन को, उसके लोगों को तत्काल ज़रूरत है जो इतनी बहादुरी से अपने देश की और अपने लोकतंत्र की रक्षा कर रहे हैं। दूसरी बात, जैसा कि मैंने कहा, हमारे पास यूरोपीय और अन्य साझेदार हैं, एशिया में भी, जो यूक्रेन की मदद के लिए स्वयं बहुत कुछ कर रहे हैं। और अंत में, पूरक मांग की लगभग सारी राशि, अमेरिका में रक्षा उत्पादन में, हमारे अपने रक्षा औद्योगिक आधार में निवेश की जाएगी, और इसका मतलब है अमेरिका में अच्छी नौकरियों के अवसर।

अंत में, हमने पिछले कुछ दिनों में नए साझेदारों से जुड़ाव पर गहनता से ध्यान केंद्रित किया है, और इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र भी शामिल है, जहां हम एक मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं। इस संबंध में, मुझे लगता है कि यह बात बहुत उल्लेखनीय है कि रूस को चीन, उत्तर कोरिया, ईरान से जो समर्थन मिला है, वह दर्शाता है कि यूरोप में सुरक्षा, एशिया में सुरक्षा और दुनिया के अन्य हिस्सों में सुरक्षा के विषय अविभाज्य है। वे गहराई से परस्पर संबद्ध हैं। और ये वो बात है, जिसे पिछले कुछेक दिनों में हमने चर्चा की मेज़ पर सुना है।

जी7 ताइवान जलडमरूमध्य, दक्षिण चीन सागर, और कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थिरता की आवश्यकता को लेकर एकजुट है, और चीन की अनुचित और बाज़ार असंगत व्यवहारों के खिलाफ़ खड़े होने में भी एकजुट है, खासकर अत्यधिक उत्पादन की प्रथा जो हमारे देशों के बाज़ारों को उन नए उत्पादों और प्रौद्योगिकियों से भर रही है जिन पर कि भारी सब्सिडी दी जाती है और इस कारण उनकी कीमत भी कम होती है। इसके कारण हमारे अपने व्यवसायों के पांव बाज़ार से उखड़ रहे हैं और उसकी कंपनियां इन बाज़ारों पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रही हैं। और ये मुद्दा भी स्पष्ट रूप से हमारे सभी देशों के बीच साझा चिंता का विषय है।

और आखिर में, इसका दूसरा पहलू ये है कि जी7 हर जगह अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक साझेदारों के साथ जुड़ाव को मज़बूत करने की दिशा में निरंतर काम कर रहा है। कल अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष हमारे साथ थे और हमारे बीच बहुत अच्छी बातचीत हुई। और हम वास्तव में अफ्रीका और उससे आगे के देशों के साथ व्यावहारिक तरीकों से काम कर रहे हैं ताकि उनके लोगों के जीवन में और परिणामस्वरूप, हमारे अपने लोगों के जीवन में स्पष्ट, ठोस, और प्रदेय सुधार किए जा सकें।

अफ्रीकी संघ हमारे साथ है जो अब जी20 का सदस्य है। हम विशेष रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि अफ्रीका क्षेत्रीय और वैश्विक दोनों चुनौतियों से निपटने में अपनी उचित भूमिका कैसे निभा सकता है। परस्पर संबद्धता बढ़ाने और सुदृढ़ अधोसंरचना खड़ा करने के लिए बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है। हमने सतत विकास और विशेष रूप से सतत विकास लक्ष्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है – साथ ही अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों और बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधारों की प्रतिबद्धता भी जताई है ताकि उन्हें जलवायु परिवर्तन, कर्ज़, खाद्य सुरक्षा जैसे मुद्दों पर दुनिया भर के देशों की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए अधिक प्रतिनिधिक और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाया जा सके।

इसलिए, इन सभी क्षेत्रों में, मैंने पाया कि पिछले कुछ दिनों में हुई बातचीत और कार्य – जो आप आने वाले बयान में परिलक्षित देखेंगे – बेहद उपयोगी रहे, और साथ ही, शायद सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि ये जून में हमारे नेताओं की बैठक के लिए बहुत बढ़िया आधार साबित होंगे। हमारी नज़र उसी ओर रहेगी। हमने यहां जो काम किया है उसे अगले कुछ महीनों में जारी रखेंगे और हमारे नेता उसे आगे बढ़ाएंगे।

इसी के साथ, अब मुझे आपके कुछ सवालों के जवाब देकर खुशी होगी।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/secretary-antony-j-blinken-at-a-solo-press-availability-2/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

Log in now! 30 Favorite Indicators (ST64)

...