Wednesday, March 2, 2022

राष्ट्रपति बाइडेन का स्टेट ऑफ़ द यूनियन भाषण

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



अमेरिकी कैपिटल
मार्च 01, 2022

यथा संबोधित

स्पीकर महोदया, उपराष्ट्रपति महोदया, फ़र्स्ट लेडी और सेकंड जेंटलमैन। कांग्रेस और मंत्रिमंडल के सदस्यों। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशगण। मेरे साथी अमेरिकियों।

पिछले साल कोविड-19 ने हमें अलग रखा। इस साल हम आख़िरकार दोबारा साथ मिल रहे हैं।

आज रात हम डेमोक्रेट, रिपब्लिकन और निर्दलीय के रूप में मिल रहे हैं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण, हम अमेरिकियों के रूप में मिल रहे हैं।

एक दूसरे के प्रति, अमेरिका के प्रति, अमेरिकी जनता के प्रति और संविधान के प्रति ज़िम्मेदारी के साथ।

और एक अटूट संकल्प के साथ कि स्वतंत्रता हमेशा तानाशाही पर जीत हासिल करेगी।

छह दिन पहले, रूस के व्लादिमीर पुतिन ने मुक्त दुनिया की नींव को हिलाने की कोशिश की, यह सोचकर कि वह इसे अपने ख़तरनाक तरीक़ों के अनुरूप मोड़ सकेंगे। लेकिन उनका अनुमान बुरी तरह गलत निकला।

उन्होंने सोचा कि वह यूक्रेन में घुस जाएंगे और दुनिया हाथ खड़े कर देगी। इसकी बजाय उनका सामना ताक़त की दीवार से हुआ, जिसका उनको अनुमान भी नहीं था या उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।

उनका यूक्रेन के लोगों से सामना हुआ है।

राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से लेकर आम यूक्रेनी तक — उनकी निडरता, उनका साहस, उनका दृढ़ संकल्प, सचमुच दुनिया को प्रेरित कर रहा है।

नागरिक झुंड बनाकर अपने शरीर से टैंकों को रोक रहे हैं। छात्रों से लेकर सेवानिवृत्त लोगों और शिक्षकों तक, सभी अपनी मातृभूमि की रक्षा करने वाले सैनिक बन गए हैं।

इस संघर्ष में, जैसा कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संसद को अपने संबोधन में कहा था, "उजाले की अंधेरे पर जीत होगी।" अमेरिका में यूक्रेन के राजदूत आज रात यहां प्रथम महिला के साथ बैठे हैं।

हम में से प्रत्येक, यदि आप खड़े होने में सक्षम हैं, तो आज रात इस कक्ष में खड़े होकर दुनिया को और यूक्रेन को एक अचूक संकेत भेजें। धन्यवाद। धन्यवाद।

वे सही हैं, वे मज़बूत हैं, और वे कृतसंकल्प हैं। हां, हम अमेरिकी यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े हैं।

अपने पूरे इतिहास में हमने ये सबक सीखा है। जब तानाशाह अपनी आक्रामकता की क़ीमत नहीं चुकाते हैं तो वे और अधिक अराजकता पैदा करते हैं। वे अपना काम जारी रखते हैं। और अमेरिका एवं दुनिया के लिए दुष्परिणाम और ख़तरे बढ़ते रहते हैं।

यही कारण है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में शांति और स्थिरता को सुरक्षित करने के लिए नैटो गठबंधन बनाया गया था। अमेरिका 29 अन्य देशों के साथ इसका सदस्य है।

यह मायने रखता है। अमेरिकी कूटनीति मायने रखती है। अमेरिकी संकल्प मायने रखता है।

यूक्रेन पर पुतिन का नवीनतम हमला पूर्वनियोजित और बिल्कुल अकारण था। उन्होंने कूटनीति के लिए बारंबार किए गए प्रयासों को ठुकरा दिया।

उन्होंने सोचा कि पश्चिमी देश और नैटो जवाब नहीं देंगे। और उन्होंने सोचा कि वह हमारे घर में, इस कक्ष में, इस राष्ट्र में हमें विभाजित कर सकते हैं। उन्होंने सोचा कि वह यूरोप में भी हमें बांट सकते हैं। लेकिन पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं। हम एकजुट हैं और हमने इसका ही प्रयास किया था। हम एकजुट रहे।

हमने बड़े पैमाने पर और सावधानीपूर्वक तैयारी की थी। हमने पुतिन का सामना करने के लिए यूरोप और अमेरिका से लेकर एशिया और अफ्रीका महाद्वीपों तक अन्य स्वतंत्रताप्रेमी देशों के गठबंधन का निर्माण करने में महीनों लगाए।

आप में से कई लोगों की तरह, मैंने अपने यूरोपीय सहयोगियों को एकजुट करने में अनगिनत घंटे बिताए। हमने पहले ही दुनिया को सारी जानकारी दे दी थी कि पुतिन क्या योजना बना रहे हैं और ठीक कैसे वह अपनी आक्रामकता को लेकर झूठी बातें फैलाने और उसे सही ठहराने की कोशिश करेंगे।

हमने रूस के झूठ का सच से मुक़ाबला किया। और अब, जब उसने अपनी चाल चल दी है तो मुक्त विश्व उसे जवाबदेह ठहरा रहा है।

फ्रांस, जर्मनी, इटली सहित यूरोपीय संघ के सत्ताईस सदस्यों के साथ-साथ ब्रिटेन, कनाडा, जापान, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और कई अन्य देश, यहां तक ​​कि स्विट्ज़रलैंड भी, रूस के खिलाफ़ कार्रवाई और यूक्रेन के लोगों का समर्थन कर रहे हैं। पुतिन अब पहले से कहीं अधिक दुनिया से अलग-थलग पड़ चुके हैं।

अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हम अभी के अभी शक्तिशाली आर्थिक प्रतिबंध लागू कर रहे हैं।

हम रूस के सबसे बड़े बैंकों को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से काट रहे हैं।

रूस के केंद्रीय बैंक को रूसी रूबल का बचाव करने से रोककर हम पुतिन के 630 बिलियन डॉलर के "युद्ध कोष" को व्यर्थ बना रहे हैं।

हम प्रौद्योगिकियों तक रूस की पहुंच को रोक रहे हैं जिससे आने वाले वर्षों में उसकी आर्थिक ताक़त कम होगी और उसकी सेना कमज़ोर होगी।

आज रात मैं रूस के रसूख़दार लोगों और भ्रष्ट नेताओं से कहता हूं, जिन्होंने इस हिंसक शासन की मिलीभगत से अरबों डॉलर कमाए हैं: ये अब और नहीं चलेगा। सच में।

अमेरिकी न्याय विभाग ऊंची पहुंच वाले रूसियों के अपराधों से निपटने के लिए एक समर्पित टास्क फ़ोर्स का गठन कर रहा है।

हम अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर कार्रवाई कर रहे हैं और उनकी नौकाओं, उनकी आलीशान हवेलियों और उनके निजी जेट विमानों की पहचान करने और उन्हें ज़ब्त करने हेतु क़दम उठा रहे हैं। हम उनकी अवैध कमाई के पीछे पड़ रहे हैं।

आज रात मैं अपने सहयोगी देशों का साथ देते हुए सभी रूसी उड़ानों के लिए अमेरिकी हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा कर रहा हूं — रूस को और अलग-थलग करने और उनकी अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डालने के लिए। उन्हें नहीं पता कि क्या मुसीबत आ रही है। रूबल की क़ीमत पहले ही 30% गिर चुकी है।

रूसी शेयर बाज़ार ने अपना 40% गंवा दिया है और ट्रेडिंग निलंबित है। रूस की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है और इसके लिए अकेले पुतिन ज़िम्मेदार हैं।

हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर यूक्रेनी लोगों को उनकी स्वतंत्रता की लड़ाई हेतु सहायता प्रदान कर रहे हैं। सैन्य सहायता। आर्थिक सहायता। मानवीय सहायता। हम यूक्रेन को एक अरब डॉलर से अधिक की प्रत्यक्ष सहायता दे रहे हैं। और हम अपने देश की रक्षा करने में और परेशानियों को कम करने में यूक्रेन के लोगों की मदद करते रहेंगे।

लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि हमारी सेना यूक्रेन में रूसी सेना के साथ संघर्ष में शामिल नहीं है और न ही इसमें शामिल होगी। हमारी सेनाएं यूक्रेन में लड़ने के लिए यूरोप नहीं जा रही हैं, बल्कि हमारे नैटो सहयोगियों की रक्षा — अगर पुतिन ने पश्चिम की ओर बढ़ने का फ़ैसला किया — के लिए जा रही हैं।

उस उद्देश्य के लिए हम पोलैंड, रोमानिया, लातविया, लिथुआनिया और एस्टोनिया सहित नैटो देशों की रक्षा के लिए अमेरिकी ज़मीनी बलों, वायु स्क्वाड्रनों और जहाज़ों की तैनाती कर रहे हैं।

जैसा कि मैंने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका और हमारे सहयोगी देश हमारी सामूहिक शक्ति के साथ नैटो क्षेत्र के हर इंच क्षेत्र की रक्षा करेंगे। हरेक इंच।

और हमारी राय स्पष्ट है। यूक्रेनी अदम्य साहस के साथ मुक़ाबला कर रहे हैं। लेकिन अगले कुछ दिन, सप्ताह और महीने उनके लिए कठिन होंगे।

पुतिन ने हिंसा और अराजकता फैला दी है। लेकिन भले ही युद्ध के मैदान में उन्हें बढ़त मिल जाए — उन्हें लंबे समय तक निरंतर इसकी ऊंची क़ीमत चुकानी होगी।

और गौरवशाली यूक्रेनी लोग, बराबर की टक्कर देते हुए अंतिम दम तक लड़ने के लिए तैयार हैं, जिन्होंने 30 वर्षों तक स्वतंत्रता का आनंद लिया है, और बारंबार दिखाया है कि वे अपने देश को पीछे ले जाने की कोशिश करने वाली किसी भी ताक़त को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सभी अमेरिकियों से मैं कहना चाहता हूं कि मैं आपके सामने ईमानदार रहूंगा, जैसा कि मैंने हमेशा वादा किया है। एक रूसी तानाशाह के दूसरे देश पर हमले का असर पूरी दुनिया में महसूस किया जाएगा।

और मैं ये सुनिश्चित करने के लिए ठोस क़दम उठा रहा हूं कि हमारे प्रतिबंधों का असर रूस की अर्थव्यवस्था पर केंद्रित हो। और ये भी कि हम अमेरिकी व्यवसायों और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए हर उपलब्ध उपायों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

आज रात, मैं बताना चाहूंगा कि अमेरिका ने दुनिया भर के तेल भंडारों से 60 मिलियन बैरल तेल जारी करने के लिए 30 अन्य देशों के साथ सहयोग किया है।

अमेरिका इस प्रयास का नेतृत्व करेगा, और हम अपने सामरिक पेट्रोलियम रिज़र्व से 30 मिलियन बैरल तेल जारी करेंगे। और यदि आवश्यक हुआ तो हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आगे और क़दम उठाने के लिए तैयार हैं।

इन क़दमों से यहां स्वदेश में पेट्रोल की क़ीमतों को कम करने में मदद मिलेगी। और मुझे पता है कि इस समय जारी घटनाक्रम ख़तरनाक लग सकता है। लेकिन मैं आपसे कहना चाहूंगा कि कि हमारी स्थिति ठीक रहने वाली है।

जब इस युग का इतिहास लिखा जाएगा तो यूक्रेन पर पुतिन के हमले से रूस के कमज़ोर होने और बाक़ी दुनिया के और मज़बूत होने का ज़िक्र होगा।

हालांकि दांव पर क्या कुछ लगा है, दुनिया भर के लोगों को इस बात का अहसास होने के लिए इतना भयानक कुछ नहीं होना चाहिए था, लेकिन अब हर कोई इसे स्पष्ट देख रहा है।

हम राष्ट्रों के नेताओं के बीच एकता, एक अधिक एकीकृत यूरोप, एक अधिक एकीकृत पश्चिमी जगत देख रहे हैं। हम उन लोगों के बीच एकता देख रहे हैं जो यूक्रेन के लोगों के लिए अपने समर्थन को प्रदर्शित करने के लिए रूस समेत दुनिया भर के शहरों में बड़ी संख्या में एकत्रित हो रहे हैं।

लोकतंत्र और तानाशाही की लड़ाई में, लोकतंत्र समय की कसौटी पर खरा उतर रहा है, और दुनिया खुलकर शांति और सुरक्षा का पक्ष चुन रही है।

यह वास्तविक परीक्षा की घड़ी है। इसमें समय लगने वाला है। इसलिए आइए हम यूक्रेनी लोगों की फ़ौलादी इच्छाशक्ति से प्रेरणा लें।

मैं अपने साथी यूक्रेनी अमेरिकियों से कहूंगा, जो हमारे दोनों देशों के बीच का गहरा बंधन हैं, कि हम आपके साथ हैं। हम आपके साथ खड़े हैं।

पुतिन कीएव को टैंकों से घेर सकते हैं, लेकिन वह कभी भी यूक्रेनी लोगों के दिलोजान में जगह नहीं पा सकेंगे। वह उनके स्वतंत्रता प्रेम को कभी मिटा नहीं पाएंगे। और वह मुक्त विश्व के संकल्प को कभी कमज़ोर नहीं कर पाएंगे।

*           *           *           *

हम बुनियादी ढांचे का एक दशक सुनिश्चित कर रहे हैं।

यह अमेरिका को बदल कर रख देगा और हमें 21वीं सदी की उस आर्थिक प्रतिस्पर्धा को जीतने की राह पर ले जाएगा जिसमें हम बाक़ी दुनिया, खासकर चीन के साथ, शामिल हैं।

जैसा कि मैंने शी जिनपिंग से कहा है, अमेरिकी लोगों के खिलाफ दांव कभी भी सही दांव नहीं होता है।

*           *           *           *

… हम दुनिया का टीकाकरण जारी रखेंगे। हमने 112 देशों को टीकों की 475 मिलियन खुराक भेजी हैं, जो दुनिया के किसी भी देश की तुलना में अधिक है। हम रुकेंगे नहीं।

*           *           *           *

और अगर हमें स्वतंत्रता और न्याय को आगे बढ़ाना है, तो हमें अपनी सीमा को सुरक्षित बनाना और आव्रजन प्रणाली को दुरुस्त करना होगा। जैसा कि आपको उम्मीद होगी, मुझे लगता है कि हम दोनों काम कर सकते हैं। अपनी सीमाओं पर, हमने नशीली दवाओं की तस्करी का बेहतर पता लगाने के लिए अत्याधुनिक स्कैनर जैसी नई तकनीकों को तैनात किया है।

हमने अधिकाधिक मानव तस्करों को पकड़ने के लिए मेक्सिको और ग्वाटेमाला के साथ संयुक्त गश्ती दल स्थापित किए हैं।

हम बड़ी संख्या में आव्रजन मामलों के लिए समर्पित जजों की नियुक्ति कर रहे हैं ताकि उत्पीड़न और हिंसा से बचकर भाग रहे परिवारों के मामलों की त्वरित सुनवाई हो सके, और जो यहां अवैध रूप से रह रहे हैं उन्हें वापस भेजा जा सके।

हम प्रतिबद्धताएं हासिल कर रहे हैं और साझेदार देशों को अधिक शरणार्थियों की मेज़बानी करने और अपनी सीमाओं को सुरक्षित बनाने के लिए समर्थन दे रहे हैं।

हम स्वतंत्रता की मशाल जलाते हुए ये सब कर सकते हैं, जिसने अप्रवासियों की अनेक पीढ़ियों का इस भूमि पर स्वागत किया है — मेरे और आपमें में से कइयों के पूर्वजों को।

हम ड्रीमर्स पीढ़ी, अस्थायी प्रवासन दर्जे वाले लोगों, कृषि श्रमिकों और आवश्यक श्रमिकों के लिए नागरिकता का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

हम अपने क़ानूनों को संशोधित कर रहे हैं ताकि व्यवसायों के पास वे कामगार हों जिनकी कि उन्हें आवश्यकता है, और परिवारों को पुनर्मिलन के लिए दशकों तक प्रतीक्षा न करना पड़े।

यह न केवल सही काम है, बल्कि यह आर्थिक बुद्धिमता भी है।

इसीलिए तो आप्रवासन संबंधी हमारे सुधारों को श्रमिक संघों से लेकर धार्मिक नेताओं और अमेरिकी चैंबर ऑफ कॉमर्स तक, सभी का समर्थन प्राप्त है।

आइए हमेशा के लिए और सबके लिए इस काम को पूरा करें।

*           *           *           *

मेरे साथी अमेरिकियों, आज रात हम एक पवित्र स्थल पर, लोकतंत्र के गढ़ में एकत्रित हुए हैं। इस कैपिटल में, अमेरिकियों की पीढ़ी दर पीढ़ी ने बड़े संघर्षों के बीच बड़े सवालों पर बहस की है, और महान कार्य किए हैं। हमने आज़ादी की लड़ाई लड़ी है, स्वतंत्रता का विस्तार किया है, अधिनायकवाद और आतंक को हराया है। हमने दुनिया के अब तक के सबसे मज़बूत, स्वतंत्र और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण किया है।

ये बड़ा अवसर है। हमारी ज़िम्मेदारी का क्षण। हमारे संकल्प और विवेक की, खुद इतिहास की परीक्षा की घड़ी। ऐसे ही क्षणों में हमारी पीढ़ी के चरित्र का निर्माण होता है। हमें अपना उद्देश्य मिलता है। हमारे भविष्य की बुनियाद तैयार होती है।

मैं इस देश को जानता हूं। हम स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा करने, न्याय सुनिश्चित करने और अवसरों का विस्तार करने की इस परीक्षा में सफल होंगे। और हम लोकतंत्र को बचाएंगे।

ये समय भले ही कितना भी कठिन रहा हो, मैं आज अमेरिका के बारे में उससे कहीं अधिक आशावादी हूं जितना कि मैं अब तक रहा हूं। क्योंकि मैं उस भविष्य को देख रहा हूं जोकि हमारी पहुंच में है। क्योंकि मुझे पता है कि हमारी क्षमता से परे कुछ भी नहीं है।

हम दुनिया का एकमात्र राष्ट्र हैं जिसने हमेशा अपने सामने आए हर संकट को अवसरों में बदला है। एकमात्र राष्ट्र जिसे इस एक शब्द से परिभाषित किया जा सकता है: संभावनाएं।

तो इस रात, एक राष्ट्र के रूप में हमारे 245वें वर्ष में, मैं अपने राष्ट्र की स्थिति पर रिपोर्ट पेश करने आया हूं। और मेरी रिपोर्ट ये है: हमारा राष्ट्र मज़बूत स्थिति में है – क्योंकि आप, अमेरिकी लोग, मज़बूत हैं।

हम एक साल पहले की तुलना में आज अधिक मज़बूत हैं। और हम एक साल बाद आज की तुलना में अधिक मज़बूत होंगे। हमारे लिए यह वर्तमान चुनौतियों का सामना करने और उनसे पार पाने का मौक़ा है। और हम ऐसा करेंगे, एकजुट राष्ट्र के रूप में। एकजुट अमेरिका के रूप में। सयुंक्त राज्य अमेरिका।

भगवान आप सभी को आशीष दें, और भगवान हमारे सैनिकों की रक्षा करें।


मूल स्रोत:  https://www.whitehouse.gov/briefing-room/speeches-remarks/2022/03/01/remarks-of-president-joe-biden-state-of-the-union-address-as-delivered/

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

Key hill workouts to get faster

A lactate gel ! + Who is Jennifer Lichter?  ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏ ͏...