Saturday, May 16, 2026

विदेश मंत्री मार्को रूबियो की एनबीसी न्यूज़ के टॉम यामास के साथ बातचीत

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



साक्षात्कार
मार्को रूबियो, विदेश मंत्री
बीजिंग, चीन
मई 14, 2026

विदेश मंत्री रूबियो: हां। मेरा मतलब, फ़र्क यह है कि अब मेरा काम बस एक सीनेटर होने जैसा नहीं रहा। मेरा काम अब अलग है। मैं देश का मुख्य राजनयिक हूं और मैं राष्ट्रपति की विदेश नीति को लागू करता हूं।

दूसरी बात जो मैं कहना चाहूंगा, वह यह है कि इससे हटकर भी देखें, तो अपने सीनेट के कार्यकाल के दौरान भी, मैं हमेशा यह मानता था कि अमेरिका और चीन के बीच संबंध होना ज़रूरी है। ये दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं, शायद दुनिया की दो सबसे शक्तिशाली सेनाएं भी, और मुझे लगता है कि उनके साथ सीधा संवाद न करना हमारे लिए गैरज़िम्मेदाराना होगा। जिन क्षेत्रों में हम आपसी सहयोग के अवसर पा सकते हैं, मुझे लगता है कि हम ऐसा कर सकते हैं – शायद दुनिया में ऐसी कोई भी समस्या नहीं है जो हमारे साथ मिलकर काम करने पर हल न हो सके।

लेकिन, इस तरह के दो बड़े और शक्तिशाली देशों के बीच, हमेशा कुछ न कुछ परेशानियां रहेंगी ही। हमेशा कुछ ऐसे क्षेत्र होंगे जहां असहमति होगी। और यह हमारा काम है – अपने-अपने देशों के हित में, लेकिन अंततः पूरी दुनिया के हित में – कि हम उन मतभेदों वाले क्षेत्रों को संभालने की कोशिश करें। उनकी भी कुछ लक्ष्मण रेखाएं हैं और कुछ ऐसे विषय हैं जिन पर वे कभी बात नहीं करना चाहते – लेकिन हमारी भी ऐसी ही सीमाएं हैं। और हमारा काम उन नीतियों को लागू करना और बढ़ावा देना है जो अमेरिका के सर्वोत्तम हित में हों।

सवाल: क्या राष्ट्रपति शी ने राष्ट्रपति ट्रंप से ताइवान को हथियार न बेचने का अनुरोध किया था?

विदेश मंत्री रूबियो: देखिए, इस विषय पर शायद – इस पर पहले भी चर्चा हुई है। लेकिन आज की बातचीत में इस विषय को कोई खास जगह नहीं मिली। हमें पहले से पता है कि इस मामले पर उनका क्या रुख है। याद रखिए, इस पूरी प्रक्रिया में अमेरिकी कांग्रेस की भी भूमिका होती है, और हमने अतीत में भी ताइवान को हथियार बेचे हैं। हाल ही में दिसंबर में भी ऐसा हुआ था, जिस पर वे बहुत नाराज़ थे; लेकिन यह एक ऐसा फ़ैसला है जो राष्ट्रपति को लेना होता है। जैसे-जैसे कांग्रेस धन आवंटित करेगी और इन विषयों पर आगामी कदमों के बारे में फ़ैसले लेगी – हम उसी के अनुरूप अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

सवाल: क्या आपको लगता है कि चीन ताइवान पर हमला करना चाहता है?

विदेश मंत्री रूबियो: देखिए, मैं समझता हूं कि चीन की प्राथमिकता शायद यह होगी कि ताइवान अपनी मर्ज़ी से, स्वेच्छा से उनके साथ जुड़ जाए। आदर्श स्थिति में वे यही चाहेंगे कि ताइवान में कोई मतदान या जनमत-संग्रह हो और लोग उनके साथ एकीकरण के पक्ष में निर्णय लें। मुझे लगता है कि वे ऐसी प्रक्रिया को ही पसंद करेंगे। आखिरकार, यह मुद्दा राष्ट्रपति शी के एजेंडे में प्रमुख रूप से शामिल रहा है। जब से वे सत्ता में आए हैं, उन्होंने यह साफ़ कर दिया है कि कथित पुनर्एकीकरण – वे इसे यही कहते हैं – किसी न किसी मोड़ पर होकर रहेगा। हमारा मानना ​​है कि ज़बरदस्ती या किसी भी तरह की ताक़त का इस्तेमाल करके ऐसा करना एक बहुत बड़ी ग़लती होगी। इसके वैश्विक स्तर पर – केवल अमेरिका की तरफ़ से ही नहीं – गंभीर परिणाम होंगे। और हम इस मामले को यहीं छोड़ देते हैं। मुझे लगता है कि इसी तरह की अस्पष्टता ने हमारे – इस मुद्दे को देखने के हमारे नज़रिए को परिभाषित किया है, और इस रणनीतिक अस्पष्टता का कारण यह है कि हम कोई टकराव नहीं चाहते। हम नहीं चाहते कि कोई विघटनकारी स्थिति बने, क्योंकि मैं समझता हूं ऐसी स्थिति दुनिया और दोनों देशों के लिए बहुत गंभीर प्रभावों वाली होगी।

सवाल: चलिए, ईरान के बारे में बात करते हैं। क्या राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन के साथ ईरान का मुद्दा उठाया?

विदेश मंत्री रूबियो: उन्होंने उठाया था। और ऐसा करना महत्वपूर्ण था क्योंकि चीनी पक्ष ने कहा कि वे होर्मुज़ जलडमरूमध्य के सैन्यीकरण के पक्ष में नहीं हैं, और न ही वे वहां किसी तरह की शुल्क वसूली (टोलिंग) व्यवस्था के पक्ष में हैं। और यही हमारा भी रुख है। न तो हम होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरान की टोलिंग व्यवस्था का कभी भी समर्थन करेंगे, और न ही हम मानते हैं कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में बारूदी सुरंगें बिछाने का कोई अधिकार है। इसलिए यह अच्छी बात है कि इस मुद्दे पर हमारे बीच एक गठबंधन, या कम से कम सहमति है।

मुझे लगता है कि मूल प्रश्न यह है कि हम इस बारे में क्या करने वाले हैं। अभी संयुक्तराष्ट्र के समक्ष एक प्रस्ताव है, जिस पर सौ से ज़्यादा देशों ने सहप्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर किए हैं। बहरीन इस प्रस्ताव का मुख्य प्रायोजक है, लेकिन हम इसके पीछे पूरी मज़बूती से खड़े हैं और इसे आगे बढ़ाने के लिए ज़ोरदार प्रयास कर रहे हैं; और यह प्रस्ताव उन सभी बातों को बहुत ही स्पष्ट रूप से सामने रखता है। इसलिए हमें उम्मीद है कि चीन इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट करेगा। फ़िलहाल, संयुक्तराष्ट्र में इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान को लेकर हमें चीन की तरफ़ से कोई पक्का आश्वासन नहीं मिला है। हो सकता है कि आज की बैठक के बाद यह स्थिति बदल जाए। मुझे नहीं पता।

सवाल: क्या आप मुझे यह समझने में मदद करेंगे कि ईरान के मामले में राष्ट्रपति ट्रंप ने राष्ट्रपति शी से असल में क्या मांग की?

विदेश मंत्री रूबियो: उन्होंने उनसे कुछ भी नहीं मांगा। मेरा मतलब है, हम चीन से कोई मदद नहीं मांग रहे हैं। हमें उनकी मदद की ज़रूरत नहीं है —

सवाल: लेकिन उन्होंने यह मुद्दा उठाया था।

विदेश मंत्री रूबियो: हमने यह मुद्दा इसलिए उठाया ताकि हमारी स्थिति स्पष्ट हो और वे उसे समझें, क्योंकि यह स्वाभाविक है कि हम इस पर बात करें, यह देखते हुए कि यह मुद्दा कितना अहम है। हमारी स्थिति बहुत साफ़ है: ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता। और वे यही कर रहे थे – वे कोशिश कर रहे थे – वे एक ऐसी पारंपरिक क्षमता विकसित करने की कगार पर थे, जहां उनके पास इतने ज़्यादा रॉकेट और ड्रोन होते कि आप उनके ख़िलाफ़ कुछ भी नहीं कर पाते। वे उस पारंपरिक हथियारों के सुरक्षा कवच के पीछे छिपकर भविष्य में अपने परमाणु कार्यक्रम के साथ जो चाहे कर सकते थे। इसीलिए राष्ट्रपति ने कार्रवाई करने का फ़ैसला किया।

इसके जवाब में, ईरान ने तय किया है कि वे एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को अपना बना लेंगे और उस पर शुल्क (टोल) वसूलेंगे। हम ऐसा होने नहीं देंगे, और इसीलिए उनकी हरकतों के सीधे नतीजे के तौर पर वहां नाकेबंदी की गई है। तो अगर सभी के जहाज़ बाहर नहीं निकल सकते, तो ईरान के जहाज़ भी बाहर नहीं निकल सकते। केवल उनको ही इस स्थिति का फ़ायदा उठाने नहीं दिया सकता।

और मुझे लगता है कि टोल वसूलने और सैन्यीकरण – असल में ईरान जो कर रहा है – के मुद्दे पर चीनी पक्ष ने आज बहुत साफ़ तौर पर कहा कि वे इसका विरोध करते हैं।

सवाल: क्या चीन इस बात पर अमेरिका से सहमत है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए?

विदेश मंत्री रूबियो: हां। और उन्होंने कहा है कि ईरान परमाणु अप्रसार संधि का हस्ताक्षरकर्ता है, इसलिए उसके पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए, और उन्होंने आज फिर से इस बात को दोहराया – शायद उतनी दृढ़ता से नहीं जैसे मैं कह रहा हूं, लेकिन निश्चित रूप से वे पहले भी इस बात को दोहरा चुके हैं। आज – यह पहला मौक़ा नहीं था जब उन्होंने ऐसा कहा हो।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/releases/office-of-the-spokesperson/2026/05/secretary-of-state-marco-rubio-with-tom-llamas-of-nbc-news

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

GSA Auctions Industrial Machinery Update

You are subscribed to Industrial Machinery for GSA Auctions. This information has recently been updated, and is now available. ...