Tuesday, October 7, 2025

गाज़ा संघर्ष को समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप की व्यापक योजना

Department of State United States of America

अनुवादअमेरिकी विदेश विभाग केसौजन्य से



व्हाइट हाउस
सितंबर 29, 2025

  1. गाज़ा एक कट्टरपंथरहित आतंकमुक्त क्षेत्र होगा जो अपने पड़ोसियों के लिए कोई खतरा पैदा नहीं करता हो।
  2. गाज़ा के लोगों के हित में, जिन्होंने अपार कष्ट सहे हैं, गाज़ा का पुनर्विकास किया जाएगा।
  3. यदि दोनों पक्ष इस प्रस्ताव पर सहमत हो जाते हैं, तो युद्ध तत्काल समाप्त हो जाएगा। बंधकों की रिहाई की तैयारी के लिए इज़रायली बल एक तय सीमारेखा पर वापस लौट जाएंगे। इस दौरान, हवाई बमबारी और तोपों की गोलाबारी सहित सभी सैन्य अभियान स्थगित रहेंगे, और पूर्ण चरणबद्ध वापसी की शर्तें पूरी होने तक लड़ाई के मोर्चे का दायरा अपरिवर्तित रहेगा।
  4. इज़रायल द्वारा इस समझौते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने के 72 घंटों के भीतर सभी बंधकों, जीवित और मृत, को रिहा कर दिया जाएगा।
  5. सभी बंधकों की रिहाई के बाद, इज़रायल आजीवन कारावास की सजा पाए 250 क़ैदियों और 7 अक्टूबर 2023 के बाद हिरासत में लिए गए 1,700 गाज़ावासियों को रिहा करेगा, जिसमें उस संदर्भ में हिरासत में ली गई सभी महिलाएं और सभी बच्चे शामिल होंगे। प्रत्येक इज़रायली बंधक के अवशेष लौटाए जाने के बदले, इज़रायल 15 मृत गाज़ावासियों के अवशेष लौटाएगा।
  6. सभी बंधकों की वापसी के बाद, शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और अपने हथियारों को त्यागने की प्रतिबद्धता जताने वाले हमास सदस्यों को क्षमादान दिया जाएगा। हमास के जो सदस्य गाज़ा छोड़ना चाहेंगे, उन्हें स्वीकार करने वाले देशों तक सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा।
  7. इस समझौते के स्वीकृत होने पर, गाज़ा पट्टी में तुरंत पूरी मानवीय सहायता भेजी जाएगी। कम से कम, सहायता की मात्रा 19 जनवरी 2025 को मानवीय सहायता संबंधी समझौते में शामिल मात्रा के अनुरूप होगी, जिसमें बुनियादी ढांचे (पानी, बिजली, सीवेज) की पुनर्स्थापना, अस्पतालों और बेकरियों की दोबारा शुरुआत, तथा मलबा हटाने और सड़कें खोलने के लिए आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति शामिल हैं।
  8. गाज़ा पट्टी में राहत और सहायता सामग्री का प्रवेश दोनों पक्षों के हस्तक्षेप के बिना संयुक्तराष्ट्र और उसकी एजेंसियों, रेड क्रिसेंट, साथ ही किसी भी तरह से किसी भी पक्ष से असंबद्ध अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के माध्यम से होगा। दोनों दिशाओं में आवागमन के लिए रफ़ा सीमा मार्ग को 19 जनवरी 2025 के समझौते के तहत लागू व्यवस्था के अनुरूप खोला जाएगा।
  9. गाज़ा का शासन विशेषज्ञों की एक गैरराजनीतिक फ़लस्तीनी समिति के अस्थायी संक्रमणकालीन प्राधिकार के तहत होगा, जो गाज़ा में लोगों के लिए सार्वजनिक सेवाओं और नगरपालिकाओं के दिन-प्रतिदिन के संचालन के लिए ज़िम्मेदार होगी। यह समिति योग्य फ़लस्तीनियों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से बनी होगी, जिसकी निगरानी और पर्यवेक्षण एक नवगठित अंतरराष्ट्रीय संक्रमणकालीन निकाय, "शांति बोर्ड", करेगा। इस बोर्ड का नेतृत्व और अध्यक्षता राष्ट्रपति डोनल्ड जे. ट्रंप करेंगे, आगे जिसके अन्य सदस्यों और संबद्ध राष्ट्र प्रमुखों की घोषणा की जाएगी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर शामिल होंगे। यह निकाय गाज़ा के पुनर्विकास की रूपरेखा तैयार करेगा और उसके लिए वित्तपोषण का प्रबंधन करेगा, जब तक कि फ़लस्तीनी प्राधिकरण अपने सुधार कार्यक्रम को पूरा नहीं कर लेता – जिसकी रूपरेखा विभिन्न प्रस्तावों में दी गई है, जिनमें राष्ट्रपति ट्रंप की 2020 की शांति योजना और सऊदी-फ़्रांसीसी प्रस्ताव शामिल हैं – और सुरक्षित एवं प्रभावी रूप से गाज़ा का नियंत्रण वापस लेने में सक्षम नहीं हो जाता। यह निकाय आधुनिक और कुशल शासन व्यवस्था – जो गाज़ा के लोगों की सेवा कर सके और निवेश को आकर्षित करने में सहायक हो – की स्थापना के लिए सर्वोत्तम अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाएगा।
  10. गाज़ा के पुनर्निर्माण और उसे ऊर्जावान बनाने के लिए एक ट्रंप आर्थिक विकास योजना बनाएगी जाएगी, जिसके लिए उन विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया जाएगा, जिन्होंने मध्य पूर्व में कई संपन्न आधुनिक चामत्कारिक शहरों की स्थापना में योगदान दिया है। नेक इरादों वाले अंतरराष्ट्रीय समूहों ने कई विचारशील निवेश प्रस्ताव और विकास संबंधी उत्साहजनक विचार सामने रखे हैं। इन निवेशों को आकर्षित करने और सुगम बनाने की दृष्टि से अनुकूल सुरक्षा और शासन ढांचे निर्मित करने के लिए उन प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा, जिससे भविष्य के गाज़ा के लिए रोज़गार, अवसर और आशा का सृजन होगा।
  11. एक विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए उपयुक्त टैरिफ़ और प्रवेश दरों पर साझेदार देशों के साथ बातचीत की जाएगी।
  12. किसी को भी गाज़ा छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा, और जो लोग जाना चाहते हैं, वे ऐसा करने और वापस लौटने के लिए स्वतंत्र होंगे। हम लोगों को वहीं रहने के लिए प्रोत्साहित करेंगे और उन्हें एक बेहतर गाज़ा बनाने का अवसर प्रदान करेंगे।
  13. हमास और अन्य गुट गाज़ा के शासन में प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष या किसी भी रूप में कोई भूमिका नहीं निभाने पर सहमत होंगे। सुरंगों और हथियार उत्पादन के उपक्रमों सहित सभी सैन्य, आतंकी और आक्रामक अवसंरचनाओं को नष्ट कर दिया जाएगा और उनका पुनर्निर्माण नहीं किया जाएगा। स्वतंत्र निरीक्षकों की देखरेख में गाज़ा के विसैन्यीकरण की एक प्रक्रिया होगी, जिसमें हथियार हटाने की एक तय प्रक्रिया के ज़रिए हथियारों को उपयोग की संभावनाओं से स्थायी रूप से दूर करने का कदम शामिल होगा। यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वित्तपोषित पुनर्खरीद और पुनर्एकीकरण के एक कार्यक्रम द्वारा समर्थित होगी, जिसका सत्यापन स्वतंत्र निरीक्षकों द्वारा किया जाएगा। नया गाज़ा एक समृद्ध अर्थव्यवस्था के निर्माण और अपने पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध होगा।
  14. क्षेत्रीय साझेदारों द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए गारंटी दी जाएगी कि हमास और अन्य गुट अपने दायित्वों का पालन करेंगे तथा नया गाज़ा अपने पड़ोसियों या अपने लोगों के लिए कोई खतरा नहीं बनेगा।
  15. अमेरिका तत्काल गाज़ा में तैनाती के लिए अरब देशों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर एक अस्थायी अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल (आईएसएफ़) विकसित करेगा। आईएसएफ़ गाज़ा में जांच-पड़ताल की प्रक्रिया के बाद बनने वाले फ़लस्तीनी पुलिस बलों को प्रशिक्षण और सहायता प्रदान करेगा, और इसके लिए इस क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखने वाले जॉर्डन और मिस्र के साथ परामर्श करेगा। यह बल आंतरिक सुरक्षा के संदर्भ में एक दीर्घकालिक समाधान होगा। आईएसएफ़, नवप्रशिक्षित फ़लस्तीनी पुलिस बलों के साथ, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए इज़रायल और मिस्र के साथ मिलकर काम करेगा। गाज़ा में गोला-बारूद के प्रवेश को रोकना और गाज़ा के पुनर्निर्माण और पुनरोद्धार के लिए ज़रूरी चीज़ों की तेज़ और सुरक्षित आवाजाही को सुगम बनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पक्षों की सहमति से एक विवाद-समाधान तंत्र बनाया जाएगा।
  16. इज़रायल गाज़ा पर नियंत्रण या उसका विलय नहीं करेगा। आईएसएफ़ द्वारा नियंत्रण और स्थिरता स्थापित किए जाने पर, इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ़) विसैन्यीकरण से जुड़े मानकों, लक्ष्यों और समय-सीमाओं के अनुरूप पीछे हटेगा। ये सब आईडीएफ़, आईएसएफ़, गारंटी दाताओं और अमेरिका की सहमति से तय किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य एक सुरक्षित गाज़ा बनाना है जो आगे इज़रायल, मिस्र या अपने नागरिकों के लिए कोई खतरा नहीं बन पाए। व्यावहारिक रूप से, गाज़ा से पूर्ण वापसी से पूर्व आईडीएफ़ संक्रमणकालीन प्राधिकरण के साथ किए गए एक समझौते के अनुसार, अपने नियंत्रण वाले गाज़ा के इलाक़ों को आईएसएफ़ को सौंप देगा, सिवाय एक सुरक्षा घेरा बनाए रखने के जो तब तक बना रहेगा जब तक कि गाज़ा दोबारा उभरने वाले किसी आतंकवादी खतरे से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता।
  17. यदि हमास इस प्रस्ताव में देरी कराता है या इसे अस्वीकार करता है, तो उपरोक्त सभी कार्य, जिसमें बढ़ी मानवीय सहायता का अभियान शामिल है, आईडीएफ़ से आईएसएफ़ को सौंपे गए आतंकमुक्त क्षेत्रों में जारी रहेंगे।
  18. सहिष्णुता और शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के मूल्यों पर आधारित एक अंतरधार्मिक संवाद प्रक्रिया स्थापित की जाएगी ताकि शांति से प्राप्त होने वाले फ़ायदों पर ज़ोर देकर फ़लस्तीनियों और इज़रायलियों की सोच और कथानकों को बदलने की कोशिश की जा सके।
  19. जब गाज़ा के पुनर्विकास का काम आगे बढ़ेगा और जब फ़लस्तीनी प्राधिकरण में सुधार के कार्यक्रम को ईमानदारी से लागू कर लिया जाएगा, तब शायद अंतत: फ़लस्तीनी आत्मनिर्णय और राष्ट्र की स्थापना के एक विश्वसनीय मार्ग के लिए परिस्थितियां तैयार हो सकेंगी, जिसे हम फ़लस्तीनी लोगों की आकांक्षा के रूप में जानते हैं।
  20. अमेरिका इज़रायल और फ़लस्तीनियों के बीच एक संवाद प्रक्रिया शुरू कराएगा ताकि वे शांतिपूर्ण और खुशहाली भरे सहअस्तित्व के लिए एक राजनीतिक क्षितिज पर सहमति बना सकें।

मूल स्रोत: https://x.com/WhiteHouse/status/1972736025597219278

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।


This email was sent to stevenmagallanes520.nims@blogger.com using GovDelivery Communications Cloud on behalf of: Department of State Office of International Media Engagement · 2201 C Street, NW · Washington, DC · 20520 GovDelivery logo

No comments:

Page List

Blog Archive

Search This Blog

GSA Auctions Industrial Machinery Update

You are subscribed to Industrial Machinery for GSA Auctions. This information has recently ...